वाराणसी में गंगा नदी के बीच BJP पार्षद की नाव पर युवकों की नॉनवेज पार्टी, छलके जाम, एक्शन में पुलिस

वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर नॉनवेज और शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 5 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नाव को भी सीज किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर नॉनवेज पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र की पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उस नाव को भी सीज कर दिया है, जिस पर पार्टी आयोजित की गई थी।

6 महीने पुराना निकला वायरल वीडियो

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह वीडियो करीब छह महीने पुराना है। वीडियो में कुछ युवक गंगा नदी के बीच नाव पर नॉनवेज पार्टी करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में शराब के सेवन की बात भी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस नाव पर पार्टी की जा रही थी, वह भाजपा पार्षद सत्यनारायण साहनी की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित नाव को सीज कर दिया।


एसीपी ने बताई आरोपियों की पहचान

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी के मुताबिक, वायरल वीडियो में थाना रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी रामनगर निवासी अरुण कुमार साहनी, वाराणसी निवासी अनुराग निषाद और रामनगर निवासी राहुल साहनी दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। हालांकि, अदालत से सभी को जमानत मिल गई, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गंगा नदी से जुड़े ऐसे वीडियो पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। इससे पहले कुछ युवकों के बीयर सेवन से जुड़े वीडियो सामने आए थे।

वहीं, इस बार वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया और संबंधित नाव को सीज कर दिया। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा बनी हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए