PM मोदी के वाराणसी दौरे के बीच NSUI का आरोप- छात्रों को हॉस्टल में किया गया हाउस अरेस्ट, दबाई जा रही आवाज
वाराणसी दौरे पर पीएम मोदी के आगमन के बीच NSUI ने छात्रों को हॉस्टल में हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के के बीच राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। NSUI ने आरोप लगाया है कि पीएम के आगमन के समय उसके कुछ कार्यकर्ताओं को उनके ही हॉस्टल कमरों में हाउस अरेस्ट कर दिया गया। संगठन का दावा है कि रोहित, अमन रॉय और मुरारी कुमार सहित कई छात्रों को परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। NSUI ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है।
NSUI की ओर से यह भी कहा गया कि छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है और लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं होना चाहिए। संगठन ने इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे भय आधारित शासन बताया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी की पूजा
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वाराणसी दौरे के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में वेदमंत्रों की गूंज और डमरू वादन के बीच माहौल धार्मिक और पारंपरिक दिखाई दिया।
पीएम मोदी ने मंदिर में दर्शन के बाद वहां मौजूद पुजारियों और श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और उनके स्वागत के प्रति आभार जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के नारे लगाते नजर आए।
रोड शो और आगे का कार्यक्रम
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा के बाद प्रधानमंत्री का शहर में एक मेगा रोड शो भी प्रस्तावित है। इसके बाद वे गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के लिए हरदोई रवाना होंगे। वाराणसी में जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वारों के बीच पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया जा रहा है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान शहर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के कड़े इंतजाम देखे गए, जबकि राजनीतिक बयानबाजी ने इस दौरे को और अधिक चर्चा में ला दिया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia