‘वायु’ ने रोकी मॉनसून की रफ्तार, जानिए मुंबई और दिल्ली-एनसीआर में अब कब पहुंचेगा मॉनसून

‘वायु’ तूफान का खतरा टल गया है, लेकिन अब इसके प्रभाव दिखने शुरू हो गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, ‘वायु’ के कारण मुंबई में दक्षिण पश्चिम मॉनसून सात दिन की देरी से पहुंचेगा।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अरब सागर में उठा ‘वायु’ तूफान भले ही गुजरात को नुकसान नहीं पहुंचा हो और ओमान की ओर बढ़ गया हो, लेकिन ‘वायु’ के चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति पर असर पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून को मुंबई पहुंचने में एक हफ्ता और लग सकता है। बता दें कि भारत में इस साल मानसून अपनी पूर्व निर्धारित रफ्तार से पहले ही एक सप्‍ताह धीरे चल रहा है। हर साल मई के आखिरी सप्‍ताह में केरल पहुंचने वाला मानसून 8 जून को केरल के तट पर पहुंचा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून केरल और कर्नाटक में अभी रुका हुआ है। आम तौर पर मानसून केरल पहुचंने के बाद 2 से 3 दिनों के बाद पश्चिमी तट से होता हुआ मुंबई पहुंचता है। लेकिन इस बार 10 जून के बाद से अरब सागर में वायु तूफान के चलते मानसून की रफ्तार काफी कम हो गई है। अब इसके 20 जून के आसपास मुंबई पहुंचने की संभावना है। ऐसे में महाराष्‍ट्र, गुजरात, राजस्‍थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्‍यों में अभी बारिश के लिए और इंतजार करना होगा।


बात करें देश की राजधानी दिल्ली की तो लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्‍ली के लिए मानसून का इंतजार और लंबा हो गया है। बता दें कि दिल्‍ली में बारिश दक्षिण पश्चिम मानसून से होती है। जो कि मुंबई के रास्‍ते मुख्‍य भूमि में प्रवेश करता हुआ अरावली रेंज के सहारे दिल्‍ली पहुंचता है। इस बार जून के अंतिम सप्‍ताह तक दिल्‍ली में मानसून के पहुंचने की उम्‍मीद थी। लेकिन वायु ने उसे भी खत्‍म कर दिया है। अब दिल्‍ली में भी बारिश के लिए जुलाई तक इंतजार करना पड़ेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 14 Jun 2019, 12:09 PM