वेनेजुएला में भूकंप का कहर, मौतों का आंकड़ा 235 पहुंचा, मलबे में अब भी 200 लोग फंसे

वेनेजुएला में भूकंप के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 235 पहुंच गया है। सरकार ने राहत और पुनर्निर्माण के लिए बड़े कदम उठाए हैं, जबकि कई देशों ने मदद की पेशकश की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद तबाही का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है, जबकि पहले यह संख्या 32 बताई गई थी। इस बीच कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राहत, बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। सरकार का कहना है कि प्रभावित इलाकों में तेजी से राहत पहुंचाने और पुनर्वास की प्रक्रिया को गति देने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।

राहत और पुनर्वास के लिए तीन बड़े फैसले

नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि कार्यवाहक राष्ट्रपति ने निजी कंपनियों को मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर का विशेष राहत कोष बनाने और प्रभावित कारोबारियों के लिए विशेष ऋण सुविधा शुरू करने का आदेश भी दिया गया है। उनके मुताबिक, कई दशकों बाद आए इस भीषण भूकंप से निपटने के लिए सरकार युद्धस्तर पर काम कर रही है। विदेश मंत्री इवान गिल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सहायता के समन्वय की तैयारियां भी की जा रही हैं और क्षेत्रीय देशों सहित दुनिया के कम से कम एक दर्जन देशों ने वेनेजुएला की मदद की पेशकश की है।


एक मिनट से भी कम अंतर में आए दो शक्तिशाली भूकंप

बुधवार को आए दोनों भूकंपों की तीव्रता क्रमशः 7.2 और 7.5 मापी गई। दोनों झटके करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आए और इनके बीच एक मिनट से भी कम का अंतर था। इस वजह से उत्तर-मध्य राज्य ला गुएरा और काराकास महानगरीय क्षेत्र में भारी तबाही हुई। जॉर्ज रोड्रिगेज के अनुसार, अब भी करीब 200 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है और राहत दल समय के खिलाफ दौड़ लगाकर अधिक से अधिक लोगों को बचाने में जुटे हैं। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के कारण क्षतिग्रस्त इमारतों के गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

अमेरिका और मेक्सिको समेत कई देशों ने मदद का भरोसा दिया

आपदा के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मदद की पेशकश शुरू हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा कि वेनेजुएला में आए दोनों भूकंप बेहद विनाशकारी हैं और अमेरिका हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने सभी सरकारी एजेंसियों को तत्काल तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने भी वेनेजुएला के लोगों के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि उनकी सरकार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी कर चुकी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल वेनेजुएला ने बचाव और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञों की मदद मांगी है और मेक्सिको हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए