नहीं रहे समाजवादी नेता शरद यादव, लंबी बीमारी के बाद गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में ली आखिरी सांस

जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन हो गया है। उनकी बेटी ने ट्विटर पर इस खबर की पुष्टि की है। बिहार और देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले शरद यादव ने 75 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।

Getty Images
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

वरिष्ठ राजनेता और जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रहे शरद यादव का निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। लंबे समय से बीमारी के चलते दिल्ली से सटे गुरुग्राम स्थित फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां गुरुवार देर शाम उन्होंने आखिरी सांस ली। उनकी बेटी ने सोशल मीडिया के जरिए सिर्फ 3 शब्दों में उनकी मृत्यु की जानकारी दी।

शरद यादव ने यूं तो अपना राजनीतिक जीवन बिहार से संबद्ध होकर बिताया, लेकिन उनका जन्म मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में हुआ था। इस जिले के बंदाई गांव में एक किसान परिवार में जन्म लेने वाले शरद पवार ने छात्र जीवन से ही राजनीति में कदम रख दिया था। छात्र राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में भी शरद यादव ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।

कांग्रेस ने शरद यादव के निधन को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने शरद यादव को देश की समाजवादी धारा का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा है कि शरद यादव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर समानता की राजनीति को मजबूत किया।


शरद यादव ने अपनी राजनीति का बड़ा हिस्सा बिहार में बिताया। शरद यादव बिहार में लालू राज के चश्मदीद रहे थे। आरजेडी नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शरद यादव के निधन पर शोक जताया है। तेजस्वी कहा है कि, "मंडल मसीहा, आरजेडी के वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूँ। कुछ कह पाने में असमर्थ हूँ। माता जी और भाई शांतनु से वार्ता हुई। दुःख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार परिजनों के साथ है।"

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शरद यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि शरद यादव भारतीय राजनीति का मजबूत स्तंभ थे और उनका जाना एक अपूर्णीय क्षति है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में लिखा है कि शरद यादव का निधन दुखद है। उन्होंने कहा है कि शरद यादव ने अपने लंबे सार्वजनिक जीव में एक सांसद और एक मंत्री के तौर पर उत्कृष्ट काम किया है। प्रधानमंत्री ने लिखा है कि शरद यादव डॉ लोहिया के आदर्शों से प्रेरित थे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia