नूंह में VHP ने आज शोभायात्रा निकालने का किया है ऐलान, कड़ी की गई सुरक्षा, स्कूल-कॉलेज और बैंक बंद, इंटरनेट पर रोक

पुलिस ने कहा कि VHP के यात्रा के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां स्थिति शांतिपूर्ण है। यात्रा निकालने की इजाजत नहीं दी गई है। केवल नूंह के स्थानीय लोगों को ही जिले में प्रवेश की अनुमति है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हरियाणा के नूंह में फिर माहौल तनावपूर्ण बन गया है। हिंदू संगठनों ने आज बृजमंडल शोभायात्रा निकालने का ऐलान किया है। वह शोभायात्रा निकलने पर अड़े हैं। हालांकि प्रशासन ने शोभायात्रा निकालने की इजाजत नहीं दी है। इसके अलावा नूंह में बाहर के लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है। जिले में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनाती की गई है। जिले की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जिले में आज स्कूल-कॉलेज बंद हैं। बैंक भी बंद हैं। जिले में इंटरनेट पर रोक लगा दी गई है।

राज्य सरकार ने 26 से 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट पर रोक लगाई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) ममता सिंह ने रविवार को कहा था कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उचित इंतजाम किए गए हैं।

इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद (VHP) के यात्रा के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां स्थिति शांतिपूर्ण है। 'यात्रा' निकालने की इजाजत नहीं दी गई है। केवल नूंह के स्थानीय लोगों को ही जिले में प्रवेश की अनुमति है।

नूंह में VHP यात्रा पर आईजी साउथ रेंज राजेंद्र ने कहा कि प्रशासन की तरफ से किसी भी प्रकार की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई है। कानून एवं व्यवस्था के लिए इलाके में बल की तैनाती की गई है। इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। मैं लोगों से अपील करूंगा कि वे आपसी समझ से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें।

हरियाणा पुलिस प्रमुख शत्रुजीत कपूर ने शनिवार को बताया था कि प्रशासन ने 3 से 7 सितंबर तक नूंह में होने वाली जी20 शेरपा ग्रुप की बैठक और 31 जुलाई को हुई हिंसा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शोभायात्रा की इजाजत देने से इनकार कर दिया है।


नूंह हिंसा में गई थी 6 लोगों की जान

नूंह में 31 जुलाई को धार्मिक यात्रा पर पथराव हो गया था। शोभायात्रा पर हुए पथराव के बाद फैली हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। नूंह हिंसा की आग गुरुग्राम तक फैल गई थी। गुरुग्राम में भी कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी। मस्जिद पर हुए हमले में एक नायब इमाम की जान चली गई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 28 Aug 2023, 8:54 AM