Video: सोनम वांगचुक से साथ AISA के छात्रों को भी जबरन हटाने की हुई कोशिश, अनशन कर रही नेता ने बताई आंखों देखी
नेहा ने कहा कि यह सरकार 21 दिन से भूखे बैठे हुए छात्रों और सोनम वांगचुक का कोई संज्ञान नहीं लेती है और 21 दिन बाद जबरन, मारपीट कर के हमें अस्पताल में भर्ती कराने की कोशिश की गई।

दिल्ली पुलिस ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली के जंतर-मंतर से हटाकर पास के अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके को भी हिरासत में ले लिया। इस घटना के बारे में एआईएसए की नेहा ने बताया कि दिल्ली पुलिस आज सुबह सोनम वांगचुक को ज़बरदस्ती ले गई और दूसरे भूख हड़ताल करने वालों को भी उनकी भूख हड़ताल के 21वें दिन ले जाने की कोशिश की।
नेहा ने पूरी घटना को लेकर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा, “सुबह सात बजे सादे कपड़े में लोग स्टेज एरिया में घुसे और उसके पांच से दस मिनट के बाद ही भारी संख्या में पुलिसवाले भी पहुंच गए और सोनम वांगचुक को इलाज के नाम पर जबरन वहां से उठाकर ले गए। उसके बाद वर्दी में आरएफ के जवान और पुलिस के जवान पहुंचे और आईएसा के धरना स्थल पर रस्सी के बने घेरे को तोड़ दिया और अंदर आकर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों को हिरासत में लेने कोशिश की। लेकिन आईसा के छात्र वहां भारी संख्या में मौजूद थे इस वजह से उन्हें हिरासत में लेने में सफल नहीं हो पाते हैं।“
नेहा ने आगे कहा कि लोकतांत्रिक और शांत तरीके से चल रहे प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन खत्म कराने की कोशिश शर्मनाक है। नेहा ने कहा कि यह सरकार 21 दिन से भूखे बैठे हुए छात्रों और सोनम वांगचुक का कोई संज्ञान नहीं लेती है और 21 दिन बाद जबरन, मारपीट कर के हमें अस्पताल में भर्ती कराने की कोशिश की गई। नेहा ने लोगों से जंतर-मंतर पर पहुंचने का आग्रह भी किया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन खत्म नहीं हुआ है और तबतक खत्म नहीं होगा जबतक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते हैं।
वहीं आईसा कार्यकर्ता अंजलि ने बताया कि, सोनम वांगचुक को पुलिस बेडसीट में लपेटकर जबरन घसीटते हुए ले गई और भूख हड़ताल कर रहे दूसरे लोगों को भी जबरन हटाने की कोशिश हुई।
बता दें कि, सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर प्रोटेस्ट साइट से हटाए जाने के बाद, भूख हड़ताल पर बैठे तीन AISA नेता अभी भी स्टूडेंट्स के साथ साइट पर हैं और उनका भूख हड़ताल जारी है। उन्होंने भी हटाने की कोशिश हुई थी लेकिन आईसा के लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर ऐसा करने से रोक दिया। उधर, अभिजीत दिपके ने अनशन शुरू करने की घोषणा की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
