विकास दुबे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई सामने, रिपोर्ट में बताया गया- कैसे हुई गैंगस्टर की मौत

कानपुर पुलिस ने विकास दुबे के करीबी जयकांत वाजपेयी और उसके साथी प्रशांत शुक्ला को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि जयकांत वाजपेयी उर्फ जय वाजपेयी ही विकास दुबे के पैसों का हिसाब रखता था। माना जा रहा है कि जय वाजपेयी की गिरफ्तारी से कई राज खुल सकते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कानपुर शूटआउट का मुख्य आरोपी विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद पूरे मामले की जांच चल रही है। इस बीच विकास दुबे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि है आखिर विकास दुबे की मौत कैसे हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी मौत गोली लगने के बाद खून बहने और शॉक की वजह से हुई थी। कानपुर शूटआउट मामले में वांटेड विकास दुबे को 10 जुलाई को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

इस बीच पुलिस ने विकास दुबे के करीबी जयकांत वाजपेयी और उसके साथी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि जयकांत वाजपेयी उर्फ जय वाजपेयी ही विकास दुबे के पैसों का हिसाब रखता था। ऐसे माना जा रहा है कि जय वाजपेयी की गिरफ्तारी से कई राज खुल सकते हैं।

कानपुर पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को जय वाजपेयी ने विकास दुबे को 2 लाख रुपये और 25 रिवॉल्वर कारतूस दिए थे। बताया जा रहा है कि आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद विकास दुबे और उसके गैंग को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए तीन लग्जरी गाड़ियों की व्यवस्था की थी, हालांकि वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए थे।


पुलिस के मुताबिक, 2 और 3 जुलाई की रात को 8 पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले में जय वाजपेयी और उसका साथी प्रशांत शुक्ला भी शामिल था। दोनों ने विकास दुबे की मदद की थी। 1 जुलाई को विकास दुबे ने जय वाजपेयी को फोन किया था और 2 जुलाई को जय और प्रशांत विकास दुबे के गांव बिकरू पहुंचे थे।

गौरतलब है कि 2-3 जुलाई की रात को पुलिस टीम विकास दुबे को को पकड़ने के के लिए बिकरू गांव पहुंची थी। इस दौरान वुकास दुबे और उसके गुर्गों ने पुलिस टीम पर धावा बोल दिया था। विकास और उसके गुर्गों ने एक डीएसपी समेत 8 पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी। इसके बाद विकास दुबे मौके से फरार हो गया था। 9 जुलाई को विकास दुबे की उज्जैन के महाकाल मंदिर से नाटकीय ढंग से गिरफ्तारी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विकास को कानपुर ला रही थी। इसी दौरान 10 जुलाई की सुबह को पुलिस ने एनकाउंटर में विकास दुबे को मार गिराया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 20 Jul 2020, 9:03 AM