गैंगस्टर विकास दुबे के गुर्गे शशिकांत ने किए कई चौंकाने वाले खुलासे, शूटआउट की ‘काली रात’ का राज भी खोला!

गैंगस्टरविकास दुबे के एनकाउंटर के बाद उसका खास गुर्गा शशिकांत पांडे पुलिस की गिरफ्त में है। शशिकांत ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि विकास दुबे की गांव की बहू-बेटियों पर गंदी नजर रहती थी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कानपुर शूटआट के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे के मारे जाने के बाद हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। विकास दुबे के कई गुर्गे फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार गुर्गों में से एक शशिकांत पांडे भी है। न्यूज़ 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शशिकांत पांडे ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

शशिकांत ने शूटआउट की उस रात के बार में कई खुलासे किए हैं। उसने बताया है जिस रात 8 पुलिस कर्मियों की हत्या की गई थी वह क्या कर रहा था। शशिकांत दुबे ने बताया कि शूटआउट की रात को किसने-किसने पुलिस टीम पर गोलियां चलाई थीं।

विकास दुबे के गुर्गे शशिकांत ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए विकास दुबे, अमर दुबे, प्रभात मिश्रा, प्रेम प्रकाश पांडे (शशिकांत के पापा), अतुल दुबे और बऊआ ने पुलिस टीम पर शूटआउट की रात को गोलियां चलाई थीं। शशिकांत के मुताबिक, विकास दुबे के कहने पर उसने भी पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। शशिकांत ने यह भी बताया कि उसके घर में ही सीओ देवेंद्र मिश्रा, चौकी इंचार्ज और एक पुलिस कर्मी की हत्या की गई थी। शशिकांत के मुताबिक, उन लोगों ने 8 पुलिस कर्मियों को बेरहमी से मार दिया था। शशिकांत ने यह भी बताया कि गैंगस्टर विकास दुबे की गांव की बहू-बेटियों पर गंदी नजर रखता था।


गौरतलब है कि 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात को पुलिस की टीम कानपुर देहात के बिकरु गांव में गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने गई थी। इसी दौरान विकास दुबे और उसके गुर्गों ने पुलिस टीम को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में एक डीएसपी समेत 8 पुलिस कर्मियों की मौत हो गई थी। इसके बाद 9 जुलाई को उज्जैन के महाकाल मंदिर में नाटकीय ढंग से विकास दुबे की गिरफ्तारी हुई थी। 10 जुलाई की सुबह एसटीएफ और यूपी पुलिस की टीम ने विकास दुबे को मार गिराया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia