बिहार के सासाराम में रामनवमी के बाद हिंसक झड़प, पथराव, धारा 144 लागू, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। यहां तनाव व्याप्त हो गया था। एसपी, डीएम और जिले के धिकारी मौके पर हैं। उन्होंने हिंसा के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को गोली मारे जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उसे झूठ बताया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के रोहतास जिला के मुख्यालय सासाराम में रामनवमी पर्व के बाद शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर बवाल काटा गया और कई घरों में आग लगा दी गई। इस बवाल में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने शहर में धारा 144 लागू कर दिया है। अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके में फ्लैग मार्च किया है।

शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा मौके पर पहुंच गए हैं और एसपी व डीएम के साथ हालात को संभालने की कोशिश में जुटे हैं। डीआईजी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। यहां तनाव व्याप्त हो गया था। एसपी, डीएम और जिले के अन्य अधिकारी मौके पर हैं। उन्होंने हिंसा के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को गोली मारे जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उसे झूठ बताया है।


पुलिस के मुताबिक, रामनवमी पर्व की शोभा यात्रा शांतिपूर्ण निकल जाने के बाद शुक्रवार को अचानक दो पक्षों में पथराव प्रारंभ हो गया और झड़प शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई और कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया। झड़प की सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों सहित आधा दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है।

हालात को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। प्रशासन ने सासाराम शहर में तत्काल धारा 144 लागू कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं। इलाके में आलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है। घटना के बाद इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है, लेकिन तनाव बना हुआ है।


इस बीच राज्य पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि सासाराम नगर थानान्तर्गत स्थिति पूर्णत: शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। कतिपय विवाद के कारण दोपहर में रोड़ेबाजी की घटना हुई थी। घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, रोहतास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia