देश के 6 राज्यों में 3 लोकसभा और 6 विधानसभा सीट पर मतदान जारी, दांव पर बीजेपी, एसपी और आप की प्रतिष्ठा

उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रामपुर सीट से सपा के ही कद्दावर नेता आजम खां के इस्तीफे की वजह से उपचुनाव हो रहा है। वहीं पंजाब में भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने की वजह से संगरूर सीट खाली हो गई थी, जिस पर उपचुनाव हो रहा है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश के छह राज्यों में लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस उपचुनाव में बीजेपी, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। लोकसभा सीटों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में दो- आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है, वहीं पंजाब में एक लोकसभा सीट संगरूर में वोट डाले जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थी तो वहीं रामपुर संसदीय सीट पर सपा के ही कद्दावर नेता आजम खां के इस्तीफे की वजह से उपचुनाव हो रहा है। अखिलेश यादव और आजम खान दोनों इसी वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे और उन्होंने विधायक बने रहने के लिए लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। ये दोनों ही सीट समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाते हैं, इसलिए इन पर सपा और अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, वहीं बीजेपी इन सीटों पर जीत हासिल कर यह साबित करना चाहती है कि उत्तर प्रदेश में अब सपा का ग्राफ नीचे की ओर है।


उधर भगवंत मान के पंजाब के मुख्यमंत्री बनने की वजह से संगरूर लोकसभा सीट खाली हो गई थी, जिस पर आज उपचुनाव हो रहा है। इसी वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड बहुमत के साथ जीत हासिल कर पंजाब में सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी के लिए यह सीट जीतना जरूरी हो गया है, क्योंकि उनके मुख्यमंत्री की पुरानी सीट होने होने के कारण यहां पर उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

देश के विभिन्न राज्यों में विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की बात करें तो गुरुवार को दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला आप और बीजेपी के बीच में है। वहीं त्रिपुरा में 4 सीटों पर हो रहे उपचुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य में चार विधानसभा क्षेत्रों- अगरतला, टाउन बोरदोवाली, सूरमा, जुबराजनगर पर मतदान जारी है।


इनमें सबसे महत्वपूर्ण टाउन बोरदोवाली विधानसभा क्षेत्र है, जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी के लिए इस चुनाव में जीत हासिल करना बहुत जरूरी है। इसके साथ ही झारखंड और आंध्र प्रदेश में भी एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत मतदान जारी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia