गाजियाबाद चौकी धमाका आतंकी हमला था? तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी, सोशल मीडिया अकाउंट की जांच जारी

पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस, साइबर सेल और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) सक्रिय हो गए हैं। एजेंसियां अकाउंट की पहचान, पोस्ट के स्रोत और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए संदिग्ध धमाके के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई है, जिसमें प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने विस्फोट की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इसी अकाउंट से पहले पुलिस चौकी को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई थी। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। गाजियाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की जांच में जुटी हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में आतंकी संगठन का दावा

वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके के बाद एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के हैंडल से सामने आई पोस्ट ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पोस्ट में दावा किया गया है कि इस घटना के पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन का हाथ है। धमाके से पहले इसी अकाउंट से पुलिस चौकी को उड़ाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।

पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस, साइबर सेल और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) सक्रिय हो गए हैं। एजेंसियां अकाउंट की पहचान, पोस्ट के स्रोत और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी हैं। जांच का अहम पहलू यह भी है कि कहीं यह किसी शरारती तत्व की तरफ से फैलाई गई फर्जी जानकारी तो नहीं है।

रात 10 बजे चौकी के अंदर हुआ था जोरदार धमाका

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे की है। वसुंधरा पुलिस चौकी के भीतर अचानक तेज विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज आसपास के इलाके में दूर तक सुनाई दी। विस्फोट का असर इतना तेज था कि चौकी के दरवाजे, खिड़कियां और वहां लगा एयर कंडीशनर क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान खाना पहुंचाने आया 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल भी वहां मौजूद था। धमाके के कारण टूटे शीशों के टुकड़े लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने, विस्फोट की वजह की जांच

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, पुलिस चौकी के भीतर अचानक विस्फोट हुआ था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किसी उपकरण, विस्फोटक या किसी अन्य सामग्री के कारण हुआ। इसकी वास्तविक वजह फॉरेंसिक और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। इनकी जांच के जरिए विस्फोट की प्रकृति और उसके संभावित कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, साइबर ट्रेल पर भी नजर

पुलिस ने घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमाके से पहले और बाद में चौकी के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि तो नहीं हुई थी।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले अकाउंट की साइबर जांच भी की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी और जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट के पीछे कौन है और क्या उसका घटना से कोई वास्तविक संबंध है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए