मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार की सरपरस्ती में छिपा था गैंगस्टर विकास दुबे? इस वीडियो से खुले कई राज!

विकास दुबे की उज्जैन में गिरफ्तारी की खबर के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो को लेकर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सवाल यह कि क्या विकास दुबे ने एमपी की बीजेपी सरकार के साथ सेटिंग करके सरेंडर किया है, जिसे अब गिरफ्तारी दिखाया जा रहा है?

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कानपुर शूटआउट के 7वें दिन मुख्या आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे की मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाकाल मंदिर से नाटकीय ढंग से गिरफ्तारी हुई है। इन 7 दिन में विकास दुबे के कई साथियों को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। लेकिन जितनी आसानी से विकास दुबे की गिरफ्तारी हुई है, उससे हर कोई हैरान है।

विकास दुबे की उज्जैन में गिरफ्तारी की खबर के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो को लेकर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सवाल यह कि क्या विकास दुबे ने एमपी की बीजेपी सरकार के साथ सेटिंग करके सरेंडर किया है, जिसे अब गिरफ्तारी दिखाया जा रहा है?

विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसमें साफ दिख रहा है कि विकास दुबे बिना किसी हथकड़ी या हड़बड़ी के आराम से चलता हुआ खुद अपनी गिरफ्तारी देने आ रहा है। विकास के साथ पुलिस वाले और प्राइवेट गार्ड भी दिख रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार की सरपरस्ती में विकास दुबे छिपा था? और अब उसकी गिरफ्तारी दिखाई जा रही है। क्योंकि जिस तरह का विकास दुबे अपराधी है, उससे यह जाहिर होता है कि वह इतनी आसानी से पुलिस के हाथ नहीं आने वाला था, जैसा सबकुछ दिखाया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नवजीवन नहीं करता।


इतनी आसानी से विकास दुबे की गिरफ्तारी पर विपक्ष ने भी सवाल खड़े कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी के नेता और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा, “खबर आ रही है कि ‘कानपुर-कांड’ का मुख्य अपराधी पुलिस की हिरासत में है। अगर ये सच है तो सरकार साफ करे कि ये आत्मसमर्पण है या गिरफ़्तारी। साथ ही उसके मोबाइल की सीडीआर सार्वजनिक करे जिससे सच्ची मिलीभगत का भंडाफोड़ हो।”

उधर, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कानपुर की नृशंस घटना के बाद से ही हमने पूरे मध्य प्रदेश और पुलिस को अलर्ट कर रखा था, जैसे ही संदेह हुआ उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी इसे गिरफ्तारी बताया। इसके लिए उन्होंने एमपी पुलिस को बधाई भी दी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 09 Jul 2020, 11:07 AM