वीडियो: जैसे ही राहुल ने कहा- साथ में बात करते हैं, मीडिया से बात अधूरी छोड़ भाग खड़े हुए केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रह्लाद जोशी मीडिया से बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक राहुल गांधी वहां पहुंच गए। राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'चलिए मिलकर बात करते हैं।' उनके इतना कहते ही दोनों केंद्रीय मंत्री बातचीत अधूरी छोड़कर वहां से निकल गए।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का सामना करने से मोदी सरकार के मंत्री कितना हिचकिचाते हैं इसकी मिसाल आज संसद भवन के बाहर देखने को मिली। यूं तो संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार होती रहती है। लेकिन बुधवार को जो नजारा दिखा, उसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल बुधवार को संसद परिसर में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रह्लाद जोशी मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उसी बीच अचानक लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी वहां पहुंच गए। राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए कहा, 'चलिए मिलकर बात करते हैं।' उनके इतना कहते ही दोनों केंद्रीय मंत्री बातचीत अधूरी छोड़कर वहां से निकल गए।
वीडियो में दिख रहा है कि दोनों केंद्रीय मंत्री मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे और बजट की उपलब्धियां गिना रहे थे। तभी राहुल गांधी वहां पहुंचे और अनौपचारिक अंदाज में हंसते हुए कहा कि मैं भी आप लोगों के साथ बात करता हूं। हालांकि, बातचीत का प्रस्ताव दोनों मंत्रियों को ज्यादा पसंद नहीं आया। उन्होंने हाथ से इशारा कर संकेत दिया कि नेता विपक्ष ही बात करें और दोनों वहां से चले गए।
इस दौरान कांग्रेस महासचिव और केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं और वह मुस्कुराती नजर आईं। संसद का बजट सत्र इस बार लगातार हंगामेदार रहा है। विपक्ष महंगाई, बेरोजगारी, डेटा सुरक्षा और अमेरिका डील को लेकर सरकार पर हमलावर है। ऐसे माहौल में संसद के बाहर हुआ यह छोटा सा घटनाक्रम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।
इस पर प्रियंका गांधी मुस्कुराती रहीं। उनके साथ कुछ और कांग्रेस सांसद भी थे। इसके बाद राहुल गांधी भी हंसते नजर आए। यज नजारा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तमाम गतिरोध और हंगामे के बाद लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को अपना भाषण दिया। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अमेरिका की शर्तों पर ट्रेड डील हुई है। इस बहजट में एआई के दूरगामी परिणामों और संकटों पर कुछ नहीं किया गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार विपक्ष के सवालों से बच रही है और संवाद से भाग रही है। वहीं भाजपा खेमे का तर्क है कि विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है और संसद की कार्यवाही में व्यवधान डाल रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संवाद की खाई इस सत्र में काफी गहरी हो चुकी है। बजट सत्र के बाकी दिनों में यह टकराव और तेज होने के आसार हैं। आने वाले दिनों में देखना होगा कि सत्ता और विपक्ष के बीच संवाद की बर्फ पिघलती है या नहीं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia