योगी के गोरखपुर में जलभराव से हाहाकार, पीड़ितों से मिलने पहुंचे अजय राय, बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

अजय राय ने सीएम योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना साधते हुए कहा कि गोरखपुर को 'स्पेन' बताने से नहीं, गोरखपुर वासियों की जिंदगी, संपत्ति और आजीविका सुरक्षित करने से विकास साबित होगा।

योगी के गोरखपुर में जलभराव से हाहाकार, पीड़ितों से मिलने पहुंचे अजय राय, बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
i

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर में बारिश के बाद चारों ओर हुए जलभराव ने आम लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। इसी सिलसिले में यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को शहर के कई इलाकों का दौरा किया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान शहर और प्रदेश की हालत के लिए उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।

गोरखपुर पहुंचे अजय राय ने पीड़ित से की मुलाकात

गोरखपुर पहुंचे अजय राय ने बेतियाहाता इलाके में एक पीड़ित महिला से मुलाकात की, जिसकी दुकान और घर का सारा सामान बारिश के पानी में बर्बाद हो गया। मुलाकात के दौरान महिला ने बताया कि उसने लोन लेकर अपनी छोटी सी दुकान शुरू की थी लेकिन जलभराव के कारण उसका पूरा सामान खराब हो गया। अब उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।


अजय राय ने सरकार पर जमकर हमला बोला

स्थिति का जायजा लेने के बाद अजय राय ने पत्रकारों से बात करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "गोरखपुर को 'स्पेन' बनाने का दावा करने वालों को बेतियाहाता की इस गरीब महिला की दुकान में भरा पानी और बर्बाद हुआ सामान जरूर देखना चाहिए। लोन लेकर अपनी आजीविका चलाने वाली महिला की दुकान में भारी बारिश के बाद जलभराव से पूरा सामान बर्बाद हो गया। यह सिर्फ एक दुकान का नुकसान नहीं बल्कि पूरे गोरखपुर में आम लोगों, दुकानदारों और परिवारों को हुए करोड़ों रुपए के नुकसान का सवाल है।"

गोरखपुर को 'स्पेन' बताने से विकास साबित नहीं होगा

उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल पूरे गोरखपुर में हुए नुकसान का सर्वे कराए और प्रभावित नागरिकों, दुकानदारों एवं गरीब परिवारों को उचित मुआवजा दे। साथ ही, उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग की और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना साधते हुए कहा, "मुख्यमंत्री गोरखपुर को 'स्पेन' बताने से नहीं, गोरखपुर वासियों की जिंदगी, संपत्ति और आजीविका सुरक्षित करने से विकास साबित होगा।"

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए