चांद पर चंद्रयान-3 के पहुंचने पर झूमा देश, पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने वैज्ञानिकों को किया सलाम

इसरो के साढ़े 16 हजार वैज्ञानिकों की चार साल की मेहनत और 140 करोड़ लोगों की प्रार्थना आज रंग लाई और चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग कर वहां तिरंगा लहरा दिया। इसी के साथ भारत के वैज्ञानिकों ने आज इतिहास रच दिया है।

पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने वैज्ञानिकों को किया सलाम
पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने वैज्ञानिकों को किया सलाम
user

नवजीवन डेस्क

भारत के वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है। आखिरकार इसरो के साढ़े 16 हजार वैज्ञानिकों की चार साल की मेहनत और 140 करोड़ लोगों की प्रार्थना आज रंग लाई और चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग कर वहां तिरंगा लहरा दिया। इसी के साथ यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है। इस चंद्रयान में मौजूद विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर चांद के वायुमंडल, सतह, खनिज-रसायन, भूकंप आदि की जांच करेंगे। इससे दुनिया भर के वैज्ञानिकों को शोध और खोज में मदद मिलेगी। 

भारत के चांद पर पहुंचने पर पीएम मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों और देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अब सूर्य और शुक्र से जुड़े मिशन की बारी है। ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण भारत में नई ऊर्जा, नया विश्वास, नई चेतना का है। ये क्षण भारत के उदयमान भाग्य के आह्वान का है। आज हम अंतरिक्ष में नए भारत की नई उड़ान के साक्षी बने। ह्रदय से मैं भी अपने देशवासियों के साथ अपने परिवार जनों के साथ इस उमंग और उल्लास से जुड़ा हुआ हूं।


इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चंद्रयान 3 की सफलता प्रत्येक भारतीय की सामूहिक सफलता है। 140 करोड़ आकांक्षाओं वाले उत्साहित राष्ट्र ने आज अपने छह दशक लंबे अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक और उपलब्धि देखी। हम अपने वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों, शोधकर्ताओं और इस मिशन को भारत की जीत बनाने में शामिल सभी लोगों की उल्लेखनीय कड़ी मेहनत, अद्वितीय सरलता और दृढ़ समर्पण के प्रति गहराई से आभारी हैं। 2008 में, जब चंद्रयान-1 मिशन, मून इम्पैक्ट प्रोब (एमआईपी), भारतीय राष्ट्रीय ध्वज लेकर चंद्रमा पर उतरा, तो हम चंद्रमा की सतह पर एक वैज्ञानिक उपकरण उतारने वाले चौथे देश बन गए। आज चंद्रयान-3 के माध्यम से हमने दुनिया के सामने अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग पर इसरो के वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट में कहा आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी चंद्रयान3 की सफल लैंडिंग पर खुशी जताते हुए कहा है कि 1962 में शुरू हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने आज चंद्रयान 3 के रूप में एक नई ऊंचाई तय की। पूरा देश आज भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की इस गौरवशाली यात्रा पर गर्व महसूस कर रहा है। सभी देशवासियों के लिए खुशी का क्षण है। सभी वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं। जय हिन्द। जय भारत

चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर बीएसपी प्रमुख मायावती ने भी खुशी जताते हुए कहा कि चन्द्रयान-3 के चाँद पर सफल लैण्डिग कराकर भारत का नाम दुनिया भर में रौशन करने के लिए भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई। विज्ञान की प्रगति मानव कल्याण के लिए हो यह बहुत जरूरी। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह अभियान अपने मानवीय उद्देश्य में सफल होगा।


भारत के अंतरीक्ष मिशन की आज की ऐतिहासिक सफलता पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि ये ऐतिहासिक है। देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हम सबके लिए गर्व की बात है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, इसरो के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई। भारत माता की जय।

राजनेताओं के अलावा भी विभिन्न क्षेत्र की हस्तियों ने चंद्रयान 3 की सफलता पर इसरो और देश के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने वैज्ञानिकों और देश को बधाई देते हुए कहा कि चांद तारे तोड़ लाऊं....सारी दुनिया पर मैं छाऊं। आज भारत और इसरो छा गया। सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों...पूरी टीम को बधाई जिन्होंने भारत को इतना गौरवान्वित किया है। चंद्रयान-3 सफल रहा। चंद्रमा पर सफल लैंडिंग।


वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी ट्वीट कर कहा कि चंद्रयान3 की टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपने देश को गौरवान्वित किया है। इनके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, कई केंद्रीय मंत्रियों, कई राजनेताओं के साथ ही कई फिल्मी और खेल दुनिया की हस्तियों ने भी भारती की इस उपलब्धि पर देश के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia