मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और MP में भारी बारिश का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। पूर्वी राजस्थान में तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

फोटो: IANS
i

देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस समय बेहद सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की है। पूर्वी राजस्थान में सबसे तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश हो सकती है। कई इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

कम दबाव के क्षेत्र के असर से कई राज्यों में तेज बारिश

उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। मानसून ट्रफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है।

IMD के मुताबिक, 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक और क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने में मदद मिल सकती है। छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।


दिल्ली-NCR: भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

दिल्ली में 12 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में आंधी-तूफान की भी आशंका है और हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश: कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तूफान की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के कानपुर, मिर्जापुर, नोएडा, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, सोनभद्र, अलीगढ़ और चंदौली में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। इन इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


बिहार: कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में राजधानी पटना सहित बक्सर, मधुबनी, वैशाली, सिवान, भोजपुर, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज और बेगूसराय समेत कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट है। इस दौरान कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। IMD ने कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई है। पटना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश: भीषण बारिश के साथ तूफानी हवाओं का खतरा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, कटनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, खंडवा, श्योपुर और पन्ना में भीषण बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


राजस्थान: बारिश के साथ 70 Kmph तक चल सकती हैं हवाएं

राजस्थान में जयपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, टोंक, चित्तौड़गढ़, अजमेर, भरतपुर, बूंदी, भीलवाड़ा और बारां में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश: 9 इलाकों में आंधी-बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, मंडी, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा, सोलन, किन्नौर और बिलासपुर में आंधी-बारिश की चेतावनी है। इनमें से कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। हालांकि राजधानी शिमला में मौसम साफ रहने का अनुमान है। शिमला में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।


उत्तराखंड: कई जिलों में तूफानी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत और बागेश्वर में तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें से कुछ जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। देहरादून में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।  

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए