मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब समेत 18 राज्यों में IMD का अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी
आज दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 18 राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी है। कई इलाकों में 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 14 जून यानी आज के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
दो चक्रवाती परिसंचरण से बढ़ीं मौसम गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा मध्य असम और आसपास के इलाकों में भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिर सकते हैं, बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। वहीं पहाड़ी राज्यों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इन 18 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, केरल, तमिलनाडु और मेघालय में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। किसानों, मछुआरों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में शाम और रात के समय 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, हरदोई, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, गाजियाबाद, मोरादाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। कई जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार से असम तक कई राज्यों में येलो और मौसम अलर्ट
बिहार के जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, अररिया, खगड़िया, गया, पटना, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
झारखंड के बोकारो, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, दुमका, धनबाद, पलामू और साहिबगंज में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड के ऋषिकेश, नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, टिहरी गढ़वाल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, सोलन, किन्नौर, हमीरपुर और सिरमौर में भी आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा, अनंतनाग, बडगाम, गांदरबल, डोडा, रामबन, बांदीपोरा और कठुआ में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम, झारग्राम, हावड़ा, हुगली, मुर्शिदाबाद, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और असम के कई जिलों में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। असम के कोकराझार, लखीमपुर, गुवाहाटी, माजुली, बारपेटा, डिमा हासाओ, डिब्रूगढ़, जोरहाट, गोलाघाट, होजाई और तिनसुकिया में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।
