मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल और केरल में भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल और केरल समेत कई जगहों पर आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं।

देश के कई हिस्सों में आज मौसम बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और प्रायद्वीपीय भारत के कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, गुजरात, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों सावधानी बरतने की सलाह दी है। उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, जबकि पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में 13 अगस्त तक बारिश का अलर्ट
दिल्ली-NCR में 9 से 13 अगस्त तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। IMD ने येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। 10, 11, 12 और 13 अगस्त को भी बारिश और कहीं-कहीं बूंदाबांदी का अलर्ट है।
दिल्ली में अगस्त के पहले सप्ताह में 2011 के बाद सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। महीने के पहले सात दिनों में राजधानी में 127 मिमी बारिश हुई है। यह अगस्त के पहले सप्ताह में 15 साल में सबसे अधिक बारिश है।
यूपी के 19 जिलों में भारी बारिश, 55 किमी प्रति घंटे तक हवाएं
यूपी में 9 अगस्त को नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, झांसी, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, बांदा, गोरखपुर और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट है।
इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बिहार में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट
बिहार के बांका, मुंगेर, वैशाली, बक्सर, नालंदा, सिवान, नवादा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, लखीसराय, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय, सुपौल और सहरसा में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है।
पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, रीवा, इंदौर, भोपाल, कटनी, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, जबलपुर, सिवनी, भिंड और छतरपुर में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट है।
इन इलाकों में बारिश के दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान के कई इलाकों में जलभराव, पूर्वी हिस्से में भारी बारिश
राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में जलभराव होने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार भरतपुर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
पूर्वी राजस्थान के धौलपुर, करौली, दौसा, अलवर, कोटपुतली-बेहरोर और डीग में भी बारिश का अनुमान है।
हिमाचल में भारी से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। शिमला मौसम कार्यालय ने 10 और 11 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में बारिश के कारण 185 सड़कें बंद हैं। मंडी में 92, कुल्लू में 48, चंबा और शिमला में 14-14, सिरमौर में 9, कांगड़ा में 5 और ऊना में 3 सड़कें अवरुद्ध हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 14 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अनुमान
पूर्वी भारत में ओडिशा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में व्यापक बारिश की संभावना है। बिहार में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
नए निम्न दबाव से बढ़ेगी बारिश, मछुआरों को चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए निम्न दबाव के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों के मुताबिक, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर आज बाद में निम्न दबाव बनने की संभावना है। इस क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण भी मजबूत हो रहा है।
इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल में आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने की उम्मीद है। निम्न दबाव के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। पूरे राज्य में 11 अगस्त तक छिटपुट बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने मछुआरों को भी चेतावनी दी है।
अरुणाचल, असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम, अमरनाथ यात्रा रोकी गई
जम्मू-कश्मीर के जम्मू डिवीजन में खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों ने अमरनाथ यात्रा रोकने का फैसला किया है। किसी भी यात्री को यहां से घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं है।
अधिकारियों ने कहा है कि मौसम के अनुसार हालात का जायजा लिया जाएगा। इस दौरान जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे की स्थिति पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी, क्योंकि तीर्थयात्री बेस कैंप तक पहुंचने के लिए इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और 57 दिनों के बाद 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के त्योहारों के साथ संपन्न होगी।
महाराष्ट्र-गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश का अलर्ट
पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।
कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान
दक्षिणी और प्रायद्वीपीय भारत में भी अच्छी-खासी बारिश होने की संभावना है। तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है।
केरल के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
केरल में 9 अगस्त को भारी बारिश का एक और दौर आने की चेतावनी है। IMD ने राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में तीव्र बारिश की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में येलो अलर्ट है।
केरल तट के किनारे 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इनकी रफ्तार कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तमिलनाडु में 12 अगस्त तक बारिश का दौर
तमिलनाडु में 9 से 12 अगस्त के बीच मौसम खराब रह सकता है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से तमिलनाडु होते हुए उत्तरी केरल तट की ओर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर ऊपर तक एक कमजोर वायुमंडलीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 10 से 12 अगस्त के बीच इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
देशभर में मौसम का असर, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
IMD के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों तक कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने खास तौर पर जलभराव और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
