मौसम लेगा करवट, 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत कहां कब बरसेंगे बादल?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हिमाचल समेत 9 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर भारत में सर्दी का कमजोर पड़ने लगा है। ठंड से राहत के संकेतों के बीच अब बारिश और तेज हवाएं दस्तक देने वाली हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में मौसम के तेजी से बदलने की चेतावनी दी है।

22 से 25 जनवरी तक बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक, 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत कुल 9 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। बारिश की वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है।


कई राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश

मौसम विभाग ने बताया है कि 22 से 25 जनवरी के दौरान हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को ठंड का अहसास बढ़ सकता है।

हिमाचल, पंजाब और पहाड़ी राज्यों पर असर

आईएमडी के अनुसार, आज यानी 20 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। वहीं 22 से 25 जनवरी के बीच पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा 20 और 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।


दिल्ली में कोहरे के साथ बारिश की संभावना

राजधानी दिल्ली में 20 जनवरी की सुबह तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दोपहर में अच्छी धूप देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 23 जनवरी से दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आने वाले 3 से 4 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, हालांकि फिलहाल शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। शीतलहर और घना कोहरा अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। बाराबंकी, कानपुर, रायबरेली और आसपास के जिलों में कोहरे का असर कम हुआ है, जबकि ग्रामीण इलाकों में अभी हल्का से मध्यम कोहरा बना हुआ है। दिन का तापमान अब 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने लगा है। वाराणसी में मौसम साफ है और दिन में धूप निकल रही है। पश्चिमी यूपी में सुबह कोहरा जरूर रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ वह छंट गया।


लखनऊ में तापमान में तेज उछाल

राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। यहां दिन का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 26.4 डिग्री तक पहुंच गया। बादलों की आवाजाही के कारण रात का तापमान भी बढ़कर 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार मंगलवार सुबह शहर में धुंध रहेगी, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा। बादलों और छिटपुट बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान में औसतन 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

बिहार में भी दिखेगा मौसम का असर

उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में भी 20 जनवरी से मौसम बदलने के संकेत हैं। आईएमडी, के अनुसार पटना के अलावा गया, जहानाबाद, बक्सर, सिवान, भोजपुर, सारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार और अररिया में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। सुबह के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia