दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से मिली राहत, 6 जून तक येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौमस बदल गया है। गुरुग्राम में अंधड़ और दक्षिण दिल्ली में बारिश के बीच IMD ने 6 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद गुरुग्राम में तेज अंधड़ के साथ घने बादल छा गए, जबकि दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है
6 जून तक बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को 4 और 5 जून के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार इस दौरान तेज धूलभरी आंधी, हल्की बारिश और गरज-चमक जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 से 6 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिसके चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव लोगों को कुछ दिनों के लिए गर्मी से राहत देगा।
पश्चिमी विक्षोभ का दिख रहा असर
मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव देर रात या गुरुवार सुबह से देखने को मिल सकते हैं। इसी प्रणाली के असर से दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव दर्ज किया जा रहा है और बारिश व आंधी की स्थितियां बन रही हैं।
हालांकि विभाग का कहना है कि 7, 8 और 9 जून को मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रह सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है, जिसके कारण तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम साफ होने पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।
बुधवार को गर्मी और उमस ने किया परेशान
दूसरी ओर, बुधवार को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में तेज धूप देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने उस दिन भी बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई थी।
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम आर्द्रता 76 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 41 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने लोगों को ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
