मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, उत्तराखंड समेत 13 राज्यों में अगले 10 घंटे भारी, आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 13 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। यूपी, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, केरल और तमिलनाडु में मौसम बदलेगा।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 13 राज्यों के लिए आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 10 घंटों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। दक्षिण गुजरात से मध्य केरल तक फैली लो-प्रेशर ट्रफ के कारण नमी बढ़ रही है, जिससे बादल तेजी से बन रहे हैं और तमिलनाडु के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अंडमान सागर में जाने वाले मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। 10 से 12 जुलाई के बीच समुद्र में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजस्थान में हाल की भारी बारिश के बाद कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि 11 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगभग एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है। केरल के मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा छह अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर: आज और कल हल्की बारिश, येलो अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में 10 और 11 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 जुलाई को तापमान 37/27, 13 जुलाई को 37/28 और 14 जुलाई को 37/29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन तीनों दिनों में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे, हालांकि मौसम विभाग ने कोई अतिरिक्त चेतावनी जारी नहीं की है।
उत्तर प्रदेश और बिहार: भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 10 से 13 जुलाई के बीच मॉनसून का असर और तेज रहने की संभावना है। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बने कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 24 घंटों में मॉनसून उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होगी। अगले दो से तीन दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
बिहार में भी पटना, किशनगंज, गया, कटिहार, सारण, भागलपुर, भोजपुर, सहरसा, वैशाली, सुपौल, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, बक्सर, पश्चिमी चंपारण और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। पटना में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल: रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
उत्तराखंड में 10 से 13 जुलाई के बीच कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी, टिहरी और देहरादून में अत्यधिक बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान का खतरा जताया गया है। बागेश्वर, पौड़ी और देहरादून समेत अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। अगले 24 घंटों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और अगले दो से तीन दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अगले पांच से छह दिनों तक भी राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में शिमला, कांगड़ा, जोट, मनाली, मलौण, सराहन, पोंटा साहिब, गुलेर, जटोन बैराज, धौला कुआं, रोहरू, सांगला, कल्पा, कुकुमसेरी, रेकोंगपिओ, सुंदरनगर और बिलासपुर में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक राज्य के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
तमिलनाडु, केरल और राजस्थान: मॉनसून का असर बरकरार
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी घाट से जुड़े अन्य जिलों में भी मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन ने भूस्खलन, पेड़ गिरने और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। चेन्नई में दिनभर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। बादलों के कारण तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, लेकिन हवा में नमी अधिक बनी रहेगी।
केरल में मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड़ में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। वहीं राजस्थान में कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि 11 जुलाई से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कुछ कम होने का अनुमान है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
