मौसम अपडेट: दक्षिण भारत में भारी बारिश, पहाड़ों पर बदलेगा मौसम, दिल्ली-NCR में धुंध और ठंड का असर

मौसम विभाग ने आज 17 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली में धुंध, दक्षिण भारत में भारी बारिश और पहाड़ों पर मौसम बदलेगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • IMD ने आज 17 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

  • तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट है। तमिलनाडु के थूथुकुडी में पिछले 24 घंटों में 10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

  • दिल्ली में धुंध और प्रदूषण का असर बना रहेगा, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह-शाम हल्का कोहरा छा सकता है।

  • पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और पंजाब में भी अगले कुछ दिनों में मौसम बदल सकता है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 नवंबर को 17 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का खतरा है, जबकि पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। थूथुकुडी में इस दौरान 10 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में धुंध और प्रदूषण की दोहरी मार

राजधानी दिल्ली में तापमान धीरे-धीरे नीचे जा रहा है और सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। IMD के अनुसार, 11 से 14 नवंबर तक दिल्ली में हल्की धुंध छाई रह सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट जारी रहने का अनुमान है। 14 नवंबर तक अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।

धुंध के साथ प्रदूषण की मौजूदगी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।


उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश में 10 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम ठंड का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है।

बिहार में भी फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम हल्का कोहरा छा सकता है। अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम 

हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 और 11 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है। 12 और 13 नवंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। इस दौरान कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।


पंजाब और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश-आंधी का अनुमान

पंजाब में 12 से 15 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होने वाली मौसम प्रणालियों का असर उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में दिखाई दे सकता है। हालांकि, पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 12 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं, 10 और 11 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इन राज्यों में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए