मौसम अपडेट: बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-उत्तराखंड-हिमाचल में भी चेतावनी, जानें अन्य राज्यों का हाल

मौसम विभाग ने 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि यूपी, हिमाचल, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i

देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 8 घंटों के भीतर 22 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है। वहीं, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने का भी अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और पश्चिम-मध्य और दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, 13 से 15 जुलाई के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में हीटवेव चल सकती है। वहीं, ओडिशा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने का अनुमान है।

IMD के मुताबिक, अगले 8 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, तेलंगाना, सिक्किम, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत 22 राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

दिल्ली में फिलहाल बारिश नहीं, उमस करेगी परेशान

दिल्ली-एनसीआर में लगातार कई दिनों तक हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 18 जुलाई के बीच राजधानी में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन वर्षा के संकेत नहीं हैं। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।


उत्तर प्रदेश में 19 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 14 से 19 जुलाई के बीच कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 से 17 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 18 और 19 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

बिहार में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

बिहार में 14 और 15 जुलाई को व्यापक बारिश होने का अनुमान है। IMD के अनुसार, 14 जुलाई को राज्य के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 15 से 19 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 13 से 19 जुलाई के बीच 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।


हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी

हिमाचल प्रदेश में 13 से 17 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। 18 और 19 जुलाई को व्यापक बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की भी चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में पूरे हफ्ते बारिश और बिजली गिरने का खतरा

उत्तराखंड में 13 से 19 जुलाई तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 15 से 19 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 18 और 19 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा हो सकती है। पूरे सप्ताह गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।


राजस्थान में अभी राहत, लेकिन 16 जुलाई से बदलेगा मौसम

राजस्थान में 14 जुलाई को मौसम साफ रहने की संभावना है और फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 16 से 19 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

झारखंड में बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर

झारखंड में 14 से 17 जुलाई तक व्यापक बारिश होने का अनुमान है। 13 से 17 जुलाई के बीच गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।


जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

जम्मू-कश्मीर में 13 से 17 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 18 और 19 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूरे सप्ताह गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए