मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में बदलेगा मौसम, 11 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देश में मॉनसून पिछले करीब दो हफ्तों से आगे नहीं बढ़ पाया है, लेकिन मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत 11 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक अगले 15 घंटों के भीतर कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं अगले 4 से 5 दिनों तक कई राज्यों में गरज-चमक, तूफान और भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली-NCR और राजस्थान में बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 18 से 21 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगह हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। 22 और 23 जून को मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहने का अनुमान है। 19 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजस्थान में अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश की संभावना है। उदयपुर जिले के सारड़ा में सबसे अधिक बारिश दर्ज होने का अनुमान है। दौसा और संगरिया में भी मौसम बिगड़ सकता है।
यूपी-बिहार में लू और बारिश का डबल असर
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, गाजीपुर, प्रयागराज, कानपुर, सीतापुर, मेरठ, बरेली, पीलीभीत, बिजनौर, हरदोई, बदायूं, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, महोबा, उन्नाव, कौशांबी, हमीरपुर और चित्रकूट समेत कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
बिहार में पटना, सारण, सिवान, गया, शेखपुरा, बेगूसराय, मुंगेर, नवादा, कटिहार, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर और नालंदा सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी
उत्तराखंड में देहरादून, टिहरी और नैनीताल में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। 20 जून को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन पर्वतीय जिलों में वर्षा जारी रहने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। पूरे राज्य में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में 19 जून को कुल्लू, मंडी और शिमला में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चंबा और कांगड़ा में येलो अलर्ट लागू है। 20 से 22 जून के बीच राज्य में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुलवामा, पुंछ और कुपवाड़ा समेत कई जिलों में 19 से 22 जून तक गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब, बंगाल और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश
पंजाब के भटिंडा, होशियारपुर, पठानकोट और मुक्तसर समेत कई जिलों में 22 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में 19 से 25 जून तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
ओडिशा के कई जिलों में 19 और 20 जून को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 22 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के नीलगिरी, इरोड, नमक्कल, करूर, कोयंबटूर, तिरुची, पुडुकोट्टई, अरियालुर, पेरम्बलुर, डिंडीगुल, थेनी, मदुरै और शिवगंगा समेत कई जिलों में 19 और 20 जून को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। स्थानीय प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से मौसम संबंधी सलाह का पालन करने और बाढ़ या भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
