मौसम अपडेट: 21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में बदलेगा मौसम

यूपी, बिहार समेत 21 राज्यों में आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी भारत में बिजली गिरने का खतरा है।

फोटो: विपिन
i
  • 20 सितंबर को यूपी-बिहार समेत 21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है।

  • कई इलाकों में 70 से 72 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा, किसानों के लिए भी चेतावनी।

  • 21-22 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में सिस्टम के और मजबूत होने की संभावना है।

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार, 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। किसानों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, जबकि पहाड़ी राज्यों की यात्रा करने वालों को भी मौसम का हाल देखकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जिसका प्रभाव बिहार और झारखंड में भी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 सितंबर को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब बनने और 22 सितंबर को इसके पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहन अवदाब में बदलने की प्रबल संभावना है। इसके चलते भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली: राजधानी में 20 सितंबर को हल्की बारिश के साथ आंधी की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश: नोएडा, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, हापुड़, ज्योतिबाफुले नगर, महामाया नगर, फिरोजाबाद, संभल, बुलंदशहर, एटा, मथुरा, आगरा, इटावा, सीतापुर, औरैया, कानपुर, बिजनौर, मैनपुरी, हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार: मधेपुरा, गोपालगंज, पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय और बेगूसराय में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।


झारखंड से पहाड़ी राज्यों तक बारिश और आंधी का असर

झारखंड: देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गुमला और पलामू में भारी बारिश की चेतावनी है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तराखंड: चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश: चंबा, शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा और ऊना में बारिश और तूफान की प्रबल संभावना है। इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग, जम्मू, मुजफ्फराबाद, कुलगाम, रामबन, किश्तवाड़, राजौरी और बारामूला में बारिश का येलो अलर्ट है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी अलर्ट

पंजाब: बरनाला, अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, बठिंडा, कपूरथला, लुधियाना, मोगा और फतेहगढ़ में 20 और 21 सितंबर को हल्की से बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

राजस्थान: दौसा, झालावाड़, कोटा, अजमेर, टोंक, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, बाड़मेर, करौली, जोधपुर और झुंझुनू में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश: छतरपुर, उमरिया, भिंड, कटनी, इंदौर, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, मंडला, सीधी, सिंगरौली और भोपाल में बारिश और आंधी की चेतावनी है। भोपाल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

इसके अलावा 20 सितंबर को पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल समेत 21 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वी भारत में वज्रपात और बिजली गिरने का खतरा देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है। पहाड़ी इलाकों में जाने वाले लोगों को यात्रा से पहले मौसम विभाग का अपडेट जरूर देखना चाहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए