मौसम अपडेट: 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, दिल्ली-UP में कैसा रहेगा मौसम?

IMD ने 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु में 26 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली, यूपी और बिहार में मौसम साफ रहेगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • IMD ने 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया, तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

  • तमिलनाडु में 26 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है।

  • दिल्ली, यूपी और बिहार में आज मौसम शुष्क रहेगा।

  • मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में बारिश के आसार हैं।

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 13 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दूसरी ओर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।

तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु तट के ऊपर अगले 24 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 26 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

केरल और माहे में 20 से 26 अक्टूबर तक तथा लक्षद्वीप में 22 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 से 24 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में 20 और 21 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

21 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।


दिल्ली, यूपी और बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में बुधवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अक्टूबर तक दिल्ली में बारिश के आसार नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश में भी 21 अक्टूबर को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।

बिहार में भी आज मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है। राजस्थान में 21 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन 24 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में बदल सकता है मौसम

मध्य प्रदेश में 21 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी, दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 23 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि पूर्वी हिस्से में बारिश और तेज हवाओं की संभावना 21 अक्टूबर तक है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और कुछ समय के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। किन्नौर, मंडी, ऊना और चंबा समेत कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ सकती है और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर में 23 से 25 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखकर सफर करने की सलाह दी गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए