मौसम अपडेट: यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में लैंडस्लाइड की चेतावनी

यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट है। पहाड़ों में लैंडस्लाइड और पूर्वी भारत में नदियों का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी है।

फोटो: IANS
i
  • यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट।

  • 60-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं।

  • पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और पूर्वी भारत में वज्रपात की चेतावनी।

  • दिल्ली में आज बारिश की संभावना नहीं, कई राज्यों में बारिश का दौर जारी।

मॉनसून के अंतिम दौर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी 21 सितंबर को यूपी, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं। पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड की चेतावनी दी गई है, जबकि पूर्वी राज्यों में वज्रपात और बिजली गिरने का खतरा है। भारी बारिश के चलते पूर्वी भारत की नदियों का जलस्तर बढ़ने की भी चेतावनी दी गई है।

पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके और मजबूत होने के कारण 22 से 24 सितंबर के दौरान उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, 22 से 25 सितंबर तक दक्षिणी ओडिशा, 23 से 25 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ और तेलंगाना तथा 24 और 25 सितंबर को विदर्भ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बारिश नहीं, यूपी और पहाड़ी राज्यों में अलग-अलग स्थिति

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-26 सितंबर के दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली गिरने के साथ काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में भी गरज-चमक और बिजली के साथ कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट बारिश हो सकती है। दिल्ली में आज किसी भी इलाके में बारिश की संभावना नहीं है। राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट है।

हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में 21 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल में हल्की बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के रामबन, राजौरी, रियासी और कठुआ में भी हल्की बारिश हो सकती है।


पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर

पूर्वी भारत में 21 से 26 सितंबर के दौरान झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना है। बिहार में भी 21 से 26 सितंबर के दौरान काफी ज्यादा से व्यापक बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 22 से 25 सितंबर तक बारिश की संभावना है। ओडिशा में 21-22 सितंबर को कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। झारखंड में 21 सितंबर को 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25-26 सितंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 23-26 सितंबर, विदर्भ में 21-26 सितंबर और छत्तीसगढ़ में 21-26 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली के साथ काफी व्यापक से व्यापक बारिश हो सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर में असम और मेघालय में 23-25 सितंबर तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 सितंबर और 22-24 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली के साथ काफी व्यापक से व्यापक बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 21-26 सितंबर तक भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।

दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में बारिश का अनुमान

दक्षिण भारत में 21-26 सितंबर के दौरान रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है। केरल और माहे में 22-23 सितंबर तथा 26 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। 26 सितंबर को तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 25-26 सितंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए