मौसम अपडेट: यूपी-बिहार से असम तक बिगड़ेगा मौसम, 22 राज्यों में बारिश-बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर में 28 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i

देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत समेत 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने और भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। मौसम की यह गतिविधि किसानों के लिए भी चिंता का कारण बन सकती है, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।

आईएमडी के अनुसार, इस बार मॉनसून का पूर्वोत्तर भारत में आगमन पिछले साल की तुलना में देर से हुआ है। वर्ष 2025 में मॉनसून 26 मई को ही पूर्वोत्तर के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया था, जबकि इस बार इसकी रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही। हालांकि अब मॉनसून के सक्रिय होने के साथ अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 जून तक व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 23 से 26 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। 23 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हमीरपुर, कुशीनगर, बस्ती, कानपुर, झांसी, अयोध्या, रामपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी में हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिहार में भी मौसम विभाग ने गया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर और अररिया सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में 23 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


राजस्थान और हिमाचल में भी अलर्ट, तमिलनाडु में चक्रवाती असर

राजस्थान के चुरू, भीलवाड़ा, जयपुर, टोंक, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, बारां, करौली, अलवर और कोटा में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में 23 से 26 जून के बीच शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी समेत कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। चंबा जिले में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी और शिवगंगा जिलों में 23 से 26 जून तक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली कड़कने की संभावना है। 27 जून तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान लगाया गया है।

पूर्वोत्तर में 28 जून तक भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सबसे अधिक सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने असम और मेघालय सहित कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 23 से 28 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। साथ ही 23 से 26 जून के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कमेंग, पूर्वी कमेंग, पापुम पारे, पश्चिम सियांग, निचली दिबांग घाटी, लोहित और नामसाई समेत कई जिलों में भी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मॉनसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, इसलिए प्रभावित राज्यों के लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।  

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए