मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, 18 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
देश के 18 राज्यों में आज भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी है।

देश के बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय हो गया है और इसका असर अब कई राज्यों में साफ दिखाई देने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जून के लिए 18 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, मराठवाड़ा और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
दिल्ली और एनसीआर में आज धूल भरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि नमी से भरी हवाओं और अस्थिर वातावरण के कारण यह स्थिति बन रही है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आने तथा हवा में मौजूद धूल कम होने की उम्मीद है। IMD के मुताबिक दोपहर के समय 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बेहद आक्रामक रहने की संभावना है। नोएडा, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मोरादाबाद, हरदोई, हापुड़, हमीरपुर, रायबरेली, पीलीभीत और आजमगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार के कई जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट
बिहार की राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं सिवान, भोजपुर, गया, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, सहरसा, पूर्णिया, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सुपौल, भागलपुर, बेगूसराय और खगड़िया में भारी बारिश के साथ तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई है।
राजस्थान के कई जिलों में बारिश से मिलेगी राहत
राजस्थान में आज मौसम राहत देने वाला रह सकता है। जयपुर में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उदयपुर, बीकानेर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, पाली, सीकर और अजमेर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल में शाम को बदल सकता है मौसम
राजधानी भोपाल में शाम के समय आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। नर्मदापुरम, उज्जैन, विदिशा, कटनी, धार, मंदसौर, श्योपुर, मुरैना, आगर-मालवा और अशोक नगर में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में सक्रिय हुआ मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पूरे ओडिशा में सक्रिय हो चुका है। इसके प्रभाव से कटक, रायगड़ा, कोरापुट, गजपति और नयागढ़ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 जून को मॉनसून राज्य के सभी 30 जिलों तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने 24 से 27 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। मछुआरों को 24 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
तमिलनाडु में दो दिनों तक बारिश के आसार
तमिलनाडु में अगले दो दिनों के दौरान कई हिस्सों में मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 25 जून को तिरुवल्लूर, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और रानीपेट जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 26 जून को नीलगिरी, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक चेन्नई में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
