मौसम अपडेट: 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, UP-बिहार से ओडिशा तक मौसम लेगा करवट, जानें देशभर का हाल
यूपी, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में आज बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है।

यूपी और बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है।
ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कई जगह बहुत भारी बारिश हो सकती है।
यूपी-बिहार के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के बीच लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यूपी और बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत में बिजली और वज्रपात की स्थिति बन सकती है, जबकि पहाड़ी राज्यों में कुछ जगहों पर लैंडस्लाइड का खतरा बताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। 24 सितंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी अंदरूनी ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 24 और 25 सितंबर को तेलंगाना में भी भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।
इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार, यूपी, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 24 सितंबर को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवा चल सकती है।
दिल्ली में 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश-आंधी की संभावना
राजधानी दिल्ली में 24 सितंबर की शाम से 26 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
यूपी के आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, बलिया, रायबरेली, लखनऊ, फतेहपुर, बांदा, प्रयागराज, चंदौली, बस्ती, सिद्धार्थनगर, चित्रकूट और सोनभद्र में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवा 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में 26 सितंबर तक इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
बिहार के सिवान, भोजपुर, पटना, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, किशनगंज, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, सहरसा, सुपौल और अररिया में 24 से 26 सितंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड के इन जिलों में 26 सितंबर तक तेज बारिश और आंधी
झारखंड के जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पलामू, धनबाद, साहेबगंज, हजारीबाग, गिरिडीह और रांची में 24 से 26 सितंबर के बीच तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है। रांची में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड में बारिश के साथ पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में 24 से 26 सितंबर के बीच तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। देहरादून में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हिमाचल के इन इलाकों में भारी बारिश, 70 किमी तक चल सकती है हवा
हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति और सोलन में भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना
जम्मू-कश्मीर के रियासी, राजौरी, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर, किश्तवाड़, गांदरबल, शोपियां और अनंतनाग में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बंगाल के इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, मुर्शिदाबाद, कोलकाता, कालिम्पोंग और हावड़ा में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश में 75 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवाएं
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली, अल्लूरी सीताराम राजू, पूर्वी गोदावरी, एलुरु, पार्वतीपुरम मन्यम, श्रीकाकुलम और विजयनगरम में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है। इस दौरान हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
छत्तीसगढ़ के इन जिलों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी
छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, बलौदा बाजार, बिलासपुर, बेमेतरा और दुर्ग में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
ओडिशा में भारी बारिश के साथ 75 किमी तक तेज हवा का अलर्ट
ओडिशा के गजपति, गंजाम, कोरापुट, कालाहांडी, मलकानगिरी, पुरी, भुवनेश्वर और गोपालपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD के अनुसार ओडिशा में 24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश और 25-26 सितंबर को भी बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम के इस बदलाव को देखते हुए समुद्री इलाकों में मछुआरों को वहां से हटने का अलर्ट जारी किया गया है। किसानों को भी खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
