मौसम अपडेट: मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, 22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें यूपी-बिहार समेत कहां बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और अगले तीन से चार दिनों के दौरान गुजरात, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार के शेष हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत 22 राज्यों में हल्की से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

आईएमडी के मुताबिक, 25 जून तक मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग ने पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस सप्ताह भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 27 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा 28 जून को असम और मेघालय में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। हालांकि अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

दिल्ली: आंधी, बारिश और तेज हवाओं से मिलेगी राहत

दिल्ली में 26 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय आंधी, बिजली और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं तथा अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 27 जून को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। हालांकि 28 जून को मौसम में बदलाव के संकेत हैं, लेकिन इस दिन बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।


उत्तर प्रदेश: कई जिलों में बारिश, पूर्वी यूपी में लू का असर भी

उत्तर प्रदेश में 26 जून को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, झांसी, जालौन, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर और संभल समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। 27 और 28 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है, जबकि पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश जारी रहेगी। 29 जून को पश्चिमी यूपी के कुछ और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 30 जून और 1 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में व्यापक बारिश तथा पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

बिहार: बारिश भी होगी, हीटवेव भी सताएगी

बिहार में मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है, जबकि दक्षिणी जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश हो सकती है।


उत्तराखंड: अगले कुछ दिनों में आगे बढ़ सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में उत्तराखंड में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। 25 से 28 जून तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 29 जून और 1 जुलाई को व्यापक बारिश के आसार हैं। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई स्थानों पर आंधी, बिजली और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश: 30 जून से तेज हो सकती है बारिश

हिमाचल प्रदेश में 25 से 29 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं 30 जून और 1 जुलाई को कई स्थानों पर व्यापक और भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।


राजस्थान: धूल भरी आंधी के साथ बारिश के आसार

राजस्थान में 26 जून से 1 जुलाई तक जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है। कई इलाकों में बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

झारखंड: पहले लू, फिर बारिश

झारखंड में अगले दो दिनों तक लू का असर बना रह सकता है। हालांकि 28 जून से 1 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है।


जम्मू-कश्मीर: कई दिनों तक रहेगा आंधी-बारिश का दौर

जम्मू-कश्मीर में 26 जून, 30 जून और 1 जुलाई को आंधी, बिजली और व्यापक बारिश के आसार हैं। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए