मौसम अपडेट: यूपी-बिहार में भारी बारिश, ओडिशा में रेड अलर्ट, दिल्ली-NCR में अगले 5 दिन बरसेंगे बादल

दिल्ली, यूपी, बिहार, ओडिशा, हिमाचल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। IMD ने तेज हवाओं, बिजली गिरने और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

फोटो: IANS
i

देशभर में मॉनसून सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसके अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत होने की संभावना है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली कम दबाव की पट्टी के कारण कई राज्यों में बारिश बढ़ने की संभावना है। इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इस बीच असम के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई घरों में पानी भर गया है और लोग बेघर हो गए हैं।

दिल्ली-NCR में अगले 5 दिन बारिश, येलो अलर्ट जारी

आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश का अनुमान जताया है। शुरुआत में हल्की बारिश होगी, जबकि सप्ताह के मध्य में मध्यम बारिश होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 28 और 29 जुलाई को नोएडा में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 जुलाई को भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।


उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में 27 जुलाई को भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में 70 किमी प्रति घंटे तक हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी

पटना, गया, सारण, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में 27 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।


हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट, 135 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 जुलाई के बीच तीन से पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण राज्यभर में 135 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 54 सड़कें कुल्लू, 43 मंडी, 15 शिमला, आठ चंबा, पांच-पांच कांगड़ा और लाहौल-स्पीति, चार सिरमौर तथा एक सड़क ऊना जिले में बंद है। शिमला मौसम केंद्र ने एक अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश का अनुमान जताया है। 28 जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी, 29 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर तथा 30 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी खराब मौसम का अलर्ट

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम खराब होने पर पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


राजस्थान में मॉनसून फिर हुआ सक्रिय, भारी बारिश की संभावना

राजस्थान में सक्रिय मॉनसूनी सिस्टम के कारण कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

मध्य प्रदेश और झारखंड में भी बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां

मध्य प्रदेश और झारखंड में भी मॉनसूनी ट्रफ के प्रभाव से बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


ओडिशा में डिप्रेशन का असर, कई जिलों के लिए रेड अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन बनने तथा 27 जुलाई की सुबह या दोपहर के आसपास पारादीप और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट को पार करने की संभावना है। जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल और ढेंकनाल जिलों में सोमवार सुबह तक एक या दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

पश्चिम बंगाल में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया के असर से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। हालांकि कोलकाता में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान नहीं है। सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्दवान, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।


तमिलनाडु के पश्चिमी घाट में 31 जुलाई तक मध्यम बारिश

तमिलनाडु तट के ऊपर निचले वायुमंडल में बने कमजोर सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के पश्चिमी घाट वाले जिलों में 31 जुलाई तक मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार लंबे समय से सूखे मौसम के बाद यह बारिश इन इलाकों के लिए राहत लेकर आ सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए