मौसम अपडेट: 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों में 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यूपी, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल और दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी की चेतावनी है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगले 8 घंटों के भीतर 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं असम में बाढ़ का संकट बना हुआ है और हजारों लोगों को पलायन का सामना करना पड़ा है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा जताया है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा समुद्री क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को 29 जुलाई की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इन क्षेत्रों में समुद्र बेहद उग्र रहने और 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

IMD के मुताबिक 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली में तीन दिन बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच अधिकांश इलाकों में एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 29 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि 30 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।


उत्तर प्रदेश में 31 जुलाई तक भारी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार 28-29 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 30 जुलाई और 1-2 अगस्त को भी पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28-29 जुलाई तथा 2 अगस्त को भारी बारिश और 30-31 जुलाई के दौरान व्यापक वर्षा होने का अनुमान है।

बिहार में 30 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 28-29 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश होगी, जबकि 30 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 29-30 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत तेज बारिश भी हो सकती है।


राजस्थान में 2 अगस्त तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट

जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, बूंदी, झालावाड़, सिरोही और बांसवाड़ा सहित कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD के अनुसार 28 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में व्यापक वर्षा होगी। 28-29 जुलाई और 1-2 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पश्चिमी राजस्थान में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है।

उत्तराखंड और हिमाचल में फ्लैश फ्लड व भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा में 28-29 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है। 30 जुलाई से 2 अगस्त तक भी कई स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में 28 से 31 जुलाई तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 1-2 अगस्त को भी कई इलाकों में भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।


झारखंड में आंधी-तूफान, जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, दुमका, गिरिडीह, हजारीबाग, गुमला और खूंटी समेत कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। 29-31 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश, जबकि 1-2 अगस्त को फिर व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। राज्य में कई स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के जम्मू, श्रीनगर, पुंछ, राजौरी, बारामूला, अनंतनाग, डोडा, किश्तवाड़, कठुआ और उधमपुर समेत कई जिलों में 29 जुलाई तथा 1-2 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। 30-31 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान आंधी, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए