मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, दिल्ली, हिमाचल समेत 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया बड़ा अपडेट

IMD ने 19 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। यूपी में हीटवेव, जबकि बिहार, दिल्ली, हिमाचल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है।

फाइल फोटो: IANS
i

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है, तो दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 27 से 29 जून के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तथा 28 जून को असम और मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की आशंका है।

दिल्ली मौसम अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 28 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 29 जून को आंधी के साथ हल्की बारिश और 30 जून को भी आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।


उत्तर प्रदेश मौसम अपडेट

उत्तर प्रदेश में फिलहाल गर्मी का असर बरकरार है। लखनऊ, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, अयोध्या, अमेठी, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर समेत अधिकांश जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। आज प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी। 29 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ने के साथ तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

बिहार मौसम अपडेट

बिहार में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। शुरुआत में कई जिलों में हल्की और छिटपुट बारिश होगी, लेकिन 29 जून से 1 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी बिहार में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार में शुरुआती दो दिनों तक हीटवेव का असर बना रहेगा। पटना में 28 से 30 जून के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। गया में 28 और 29 जून को बारिश हो सकती है, जबकि कटिहार, पूर्णिया और भागलपुर में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


हिमाचल प्रदेश मौसम अपडेट

हिमाचल प्रदेश में 28 जून को हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 1 से 3 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी शिमला में इस अवधि के दौरान हल्की से भारी बारिश हो सकती है, जबकि मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और सोलन में जुलाई की शुरुआत के साथ बारिश का दौर तेज होने का अनुमान है।

उत्तराखंड मौसम अपडेट

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में हल्की से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने नैनीताल जिले में भूस्खलन की आशंका भी जताई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


झारखंड मौसम अपडेट

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो और हजारीबाग समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 29 जून से 3 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर मौसम अपडेट

जम्मू, श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला और कुपवाड़ा समेत कई जिलों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। 30 जून से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। इसके साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए