मौसम अपडेट: UP-बिहार में बारिश-आंधी की चेतावनी, उत्तराखंड-हिमाचल में भी बदलेगा मौसम, जानें अन्य राज्यों का हाल

IMD के मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। कई जगह 75 KM तक तेज हवाएं चल सकती हैं।

फोटोः IANS
i
  • IMD के मुताबिक, आज देश के 22 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से भारी बारिश हो सकती है।

  • इस दौरान कई इलाकों में 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना।

  • उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने और भूस्खलन का खतरा।

  • अंडमान सागर, म्यांमार तट और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना।

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम सक्रिय रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, आज 22 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे म्यांमार तट पर बने डिप्रेशन के प्रभाव से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में भी मौसम करवट लेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली: राजधानी में 29 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, हालांकि कई जगहों पर तेज हवा चल सकती है।

उत्तर प्रदेश: शामली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली, बदायूं, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर और मऊ समेत कई जिलों में 29 सितंबर को बारिश के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

बिहार: राज्य में आंधी-तूफान के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। बिहार में बारिश का यह दौर 1 अक्टूबर तक जारी रहने का अनुमान है।


उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में अलर्ट

उत्तराखंड: मौसम विभाग के मुताबिक 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक राज्य में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। यानी अक्टूबर की शुरुआत तक मौसम की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश: राज्य में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। 29 सितंबर को भी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 29 सितंबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद 2 से 4 अक्टूबर के दौरान भी बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

झारखंड: 29 सितंबर को राज्य में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। IMD के अनुसार झारखंड में बारिश का दौर 4 अक्टूबर तक जारी रह सकता है।

समुद्र में भी खराब रहेंगे हालात

आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। अंडमान सागर, म्यांमार तट और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में आज शाम तक समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना है। ऐसे में मछुआरों को इन समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा आज से 1 अक्टूबर के बीच म्यांमार-बांग्लादेश तट और उससे सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में भी समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है।