मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार
मौसम विभाग ने अगले 15 घंटे में दिल्ली समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जबकि मॉनसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है।

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके असर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 15 घंटे के भीतर 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में मॉनसून की उत्तरी सीमा सूरत (गुजरात), इंदौर और मंडला (मध्य प्रदेश), डाल्टनगंज (झारखंड), मोतिहारी (बिहार) होते हुए उत्तराखंड के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ सकती है। वहीं, 29 जून से 5 जुलाई के बीच कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में व्यापक बारिश की संभावना है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और सिक्किम में बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में अगले 5-6 दिनों में पूरी तरह सक्रिय होगा मॉनसून
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को हल्की बूंदाबांदी, धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले पांच से छह दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय होने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।
राजस्थान: 5 जुलाई तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के आसार
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। 30 जून से 5 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है, जबकि जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। तीन से पांच जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई और हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
महाराष्ट्र: 2 और 3 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मध्य महाराष्ट्र में 30 जून से 5 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 और 3 जुलाई को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्व-मध्य अरब सागर में महाराष्ट्र तट के पास सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण राज्य में नमी लगातार बढ़ रही है, जिससे वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश: कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, गोंडा, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, महोबा, एटा, मैनपुरी, ज्योतिबाफुले नगर, महामाया नगर, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तराखंड: दो दिन में मॉनसून की दस्तक, कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में मॉनसून उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
बिहार: 70 KM/H की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं पटना, नवादा, गया, औरंगाबाद, सिवान, भोजपुर, शेखपुरा, लखीसराय, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर और मुंगेर में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश: 4 जुलाई तक बारिश का दौर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 2 और 3 जुलाई को कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए, जबकि 3 जुलाई को कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में 4 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश: भोपाल समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भोपाल में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं राजगढ़, शाजापुर, देवास, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, विदिशा, बालाघाट, सिवनी, खांडवा, होशंगाबाद, शिवपुरी और छतरपुर में भारी बारिश और 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
तमिलनाडु: नीलगिरी समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
तमिलनाडु के नीलगिरी, डिंडीगुल और थेनी जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लुर, रानीपेट, वेल्लोर, तिरुचिरापल्ली, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई, नमक्कल, इरोड, सलेम और मदुरै सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोयंबटूर के पहाड़ी क्षेत्रों और नीलगिरी में मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
