मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 13 राज्यों में मॉनसून का असर तेज, IMD ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया

देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। IMD ने यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 13 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

फोटोः IANS
i

देश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने वाली है, क्योंकि मॉनसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र अगले तीन दिनों में उत्तर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले आठ घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा समेत 13 राज्यों में हल्की से भारी बारिश, 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कई स्थानों पर वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 5 से 7 जुलाई के बीच बारिश और आंधी का दौर शुरू होने की संभावना है। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। आंधी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। 5 से 10 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। 5-6 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश और 5 से 7 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होगी। 7 से 10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 8 से 10 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9-10 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

बिहार में भी मॉनसून सक्रिय बना रहेगा। 5 से 10 जुलाई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। 6-7 जुलाई और 10 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 5 से 8 जुलाई के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश, भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 से 10 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहेगी। 5 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 से 10 जुलाई के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में भी अगले कई दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा। 5 से 10 जुलाई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा का अनुमान है। 6 और 7 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 5 जुलाई और 8-9 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

राजस्थान और झारखंड में भी तेज होगी बारिश

राजस्थान में मॉनसून की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। 5 से 10 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 5 से 9 जुलाई तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 5 से 10 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 5 से 7 जुलाई और 9 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं 8 और 10 जुलाई को भारी बारिश तथा पश्चिमी राजस्थान में 6 से 8 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। कई क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

झारखंड में भी 5 से 8 जुलाई तक मॉनसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहेगी और 5 से 7 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।  

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए