मौसम अपडेट: यूपी-बिहार समेत 16 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने आजा 16 राज्यों में बारिश-आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गुजरात और महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर अगले 10 घंटों के भीतर भारी बारिश के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है।
यूपी-उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, झांसी, बहराइच, गोंडा, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, सोनभद्र और मऊ समेत कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, उधमसिंह नगर, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल और ऋषिकेश में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है। आज आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है, जबकि 14 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का खतरा है। देहरादून में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू, मंडी, चंबा, सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर, सिरमौर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और ऊना में भारी बारिश की चेतावनी है। 14 अगस्त को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली से बिहार और झारखंड तक बारिश-आंधी का असर
दिल्ली में आज बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बिहार में गया, जहानाबाद, पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया और मुंगेर में बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। कई जगह गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड में साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, जमशेदपुर, सरायकेला, खूंटी, गुमला, रांची, पलामू, रामगढ़ और चतरा में बारिश और आंधी की चेतावनी है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल में दुर्गापुर, हावड़ा, कोलकाता, मालदा, हुगली, दार्जिलिंग, नादिया, उत्तर 24 परगना, जलपाईगुड़ी और मुर्शिदाबाद में बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम बिगड़ने के आसार
पंजाब में पठानकोट, पटियाला, गुरदासपुर, चंडीगढ़, बरनाला, जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, मोगा और होशियारपुर में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कई जगह गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है और बारिश से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। राजस्थान में उदयपुर, पाली, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सिरोही, कोटा, बारां और टोंक में बारिश और आंधी की संभावना है। जयपुर में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, खंडवा, गुना, मुरैना, श्योपुर, झाबुआ, अलीराजपुर, देवास, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, सतना, उमरिया, सीधी, अनूपपुर और पन्ना में बारिश और आंधी की चेतावनी है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के डोडा, राजौरी, पुंछ, बारामूला, कठुआ, अनंतनाग, सांबा और किश्तवाड़ में बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश और आंधी का असर रहेगा। गुजरात क्षेत्र, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवा के दौरान खुले इलाकों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। किसानों और मछुआरों को भी मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को भूस्खलन और सड़क बाधित होने के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
