गुजरात मौसम अपडेट: मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, अहमदाबाद की सड़कें जलमग्न, 14 जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट
गुजरात में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। अहमदाबाद में सड़कें जलमग्न हैं। इस बीच मौसम विभाग ने 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

गुजरात में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है और अहमदाबाद में सड़कें जलमग्न।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया।
9 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में येलो अलर्ट के साथ लोगों को सतर्क किया गया।
जलभराव और जाम के बीच स्कूली बच्चों तथा रोजाना काम पर जाने वालों को हो रही परेशानी।
गुजरात में बारिश ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया है कि लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अहमदाबाद में हालात और ज्यादा खराब हैं। मूसलाधार बारिश के बाद शहर की कई सड़कें पानी से लबालब हैं और कई जगह यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सड़क है या तालाब। गरज और बिजली के साथ हो रही तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
अहमदाबाद के बोपल, पकवान, शिलज, घुमा, मानसी सर्कल और शेला समेत कई इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। बारिश का यह दौर गुरुवार रात से जारी है और शुक्रवार सुबह भी लोगों को राहत नहीं मिली। लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
5 जिलों में रेड, 9 में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने गुजरात के कई इलाकों के लिए अगले तीन घंटों तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी सुबह 9:24 बजे से दोपहर 12:24 बजे तक के लिए है। विभाग ने पांच जिलों में रेड अलर्ट, नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
रेड अलर्ट वाले जिले: अरावली, बनासकांठा, महिसाणा, पाटन और साबरकांठा।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: अहमदाबाद, दाहोद, गांधीनगर, कच्छ, खेड़ा, महिसागर, मोरबी, पंचमहल और सुरेंद्रनगर।
जाम में फंसे वाहन, बच्चों को घुटने से ऊपर पानी में जाना पड़ा
बारिश के कारण अहमदाबाद की सड़कों पर लंबा जाम लग गया है। कई वाहन पानी में फंस गए, जिन्हें काफी कोशिश के बाद बाहर निकाला जा रहा है। कई जगह जलभराव खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी काम न होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और रोजाना काम के लिए घर से निकलने वालों को हो रही है। बच्चों को बारिश के पानी के बीच स्कूल जाना पड़ा और कई जगह सड़क पर घुटने से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सड़कें और बस स्टॉप तक पानी में डूबे नजर आ रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
