मौसम अपडेट: दिल्ली-यूपी, राजस्थान में भीषण लू, बिहार-उत्तराखंड समेत 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 13 राज्यों में आंधी-बारिश और 65 किमी/घंटा हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-यूपी में लू, कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी की गई है।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 15 घंटे के भीतर देश के 13 राज्यों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है। इस दौरान कई इलाकों में तेज आंधी, वज्रपात और बारिश देखने को मिल सकती है। हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

देशभर में एक तरफ जहां लू और तापमान का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, वहीं, दूसरी ओर अचानक बदलते मौसम ने चिंता और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली, यूपी और राजस्थान में लू का कहर जारी

देश की राजधानी दिल्ली में 20 से 22 मई तक भीषण लू का दौर जारी रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 मई तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। इस दौरान आसमान ज्यादातर साफ बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश में स्थिति और गंभीर है, जहां बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कई जगहों पर पारा 45 डिग्री से ऊपर जाने की आशंका है। आगरा, नोएडा, जालौन, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में भी गर्म हवाओं और धूल भरी आंधियों का असर बना हुआ है। 20 से 22 मई के दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही अगले एक हफ्ते में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है।


13 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने जिन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें बिहार, झारखंड, ओडिशा और उत्तराखंड शामिल हैं। इन राज्यों में अगले 15 घंटे के भीतर मौसम तेजी से बदल सकता है और गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। 

बिहार में 25 मई तक आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है, जहां हवाएं 81 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। पटना समेत पूर्णिया, भागलपुर और गया जैसे जिलों में वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है।

ओडिशा के कई जिलों में दिन के समय उमस और शाम या रात में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं, उत्तराखंड में 20 से 23 मई के बीच मौसम में बदलाव की संभावना है, जहां कुछ इलाकों में बारिश और कहीं-कहीं लू जैसे हालात भी बन सकते हैं।

मध्य प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में तापमान का दबाव

मध्य प्रदेश में 25 मई तक लू और गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा। भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और इंदौर में गर्मी का भीषण प्रकोप देखने को मिलेगा।

तेलंगाना में अगले 4 से 5 दिनों तक तापमान बढ़ने का अनुमान है। खम्मम और नलगोंडा में पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि अन्य जिलों में तापमान 41 से 44 डिग्री के बीच रहेगा।

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में स्थिति सबसे गंभीर है, जहां अकोला, अमरावती और वर्धा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। 20-21 मई के दौरान यहां भीषण लू का असर बना रहेगा और राहत की कोई उम्मीद नहीं है।


पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट ले रहा है। हिमाचल प्रदेश में 20 से 22 मई के बीच तेज बारिश और आंधी की संभावना है। शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और ऊना में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।

मध्य और उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का यह बदलाव गर्मी से राहत भी दे सकता है, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के चलते सतर्क रहने की जरूरत है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia