मौसम अपडेट: MP-UP समेत बिहार, राजस्थान और ओडिशा में बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा और कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

फोटोः IANS
i

देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 से 15 अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश में 12 से 15 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर: 15 अगस्त तक हल्की बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 12 और 13 अगस्त को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 12 अगस्त को हवाएं उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिशा में चलने का अनुमान है, जबकि 13 अगस्त को हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम से पश्चिम की ओर बदल सकती है। हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। 14 और 15 अगस्त को भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश का अनुमान है।


यूपी और बिहार: कई जिलों में बारिश, आंधी और बिजली का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 11 से 13 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, रखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में भारी बारिश की चेतावनी है। राजधानी लखनऊ में आज बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। यहां अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में अगले 72 घंटों में मौसम तेजी से बदल सकता है। मौसम विभाग ने 20 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में 11 अगस्त को बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत कई मध्य और उत्तरी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान: कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश

मध्य प्रदेश के राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में बहुत ज्यादा बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर 24 घंटे में आठ इंच तक बारिश होने की संभावना है। उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम पर कम दबाव वाले क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का असर है, जबकि मानसून ट्रफ सक्रिय बना हुआ है।

राजस्थान में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। राज्य के सात जिलों के लिए ऑरेंज और 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनू, अलवर और चूरू समेत कई शहरों में 13 अगस्त तक बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से मौसम में सुधार की संभावना है।


ओडिशा: 16 अगस्त तक बारिश, मछुआरों के लिए समुद्र में न जाने की सलाह

बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले दो दिनों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच ओडिशा में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में 16 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और कटक समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 से 15 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 11 से 14 अगस्त के बीच ओडिशा तट और उससे सटे समुद्री क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का असर

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 9 से 11 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश में और 10 से 11 अगस्त के बीच असम तथा मेघालय में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 15 अगस्त के दौरान काफी ज्यादा या बड़े इलाके में बारिश होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 13 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 से 15 अगस्त तक तेज बारिश का पूर्वानुमान है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए