Weather Update: मौसम ने फिर ली करवट, यूपी-बिहार, राजस्थान और पंजाब में ठंड-बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट

उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली समेत यूपी, बिहार, राजस्थान और पंजाब में ठंडी हवाएं, घना कोहरा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में एक बार फिर सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में जमी बर्फ के पिघलने और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार, 4 फरवरी 2026 को राजधानी दिल्ली में घना कोहरा छाने के साथ-साथ शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है। खासतौर पर सुबह और देर रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी।

घना कोहरा और ठंडी हवाएं

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो सकती है। इसका सीधा असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल सकता है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट भले सीमित हो, लेकिन ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है।


पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना

जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में पारा माइनस 5.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

पंजाब-हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि का असर

हरियाणा और पंजाब के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के कई जिलों में पिछले 36 घंटों के दौरान बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। जालंधर, कपूरथला, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में अगले कुछ घंटों के भीतर बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बदला मौसम

उत्तर प्रदेश के आगरा और मुरादाबाद मंडल समेत करीब 25 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य यूपी में बादलों की गड़गड़ाहट और आकाशीय बिजली के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, बिहार में भी सर्दी का असर बना हुआ है और कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सुबह के समय आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड, कोहरे और संभावित बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर वाहन चालकों को कम दृश्यता में सावधानी बरतने और बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाने की जरूरत बताई गई है। 

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia