Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहाना, राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश हुई है और इससे अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहाना
i

उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश और तेज हवाओं ने तापमान को काफी हद तक कम कर दिया है। आगे भी राजस्थान, दिल्ली, तमिलानाडु समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार 13 जून के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में तेज हवाओं, गरज-चमक, आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहाना, चार दिनों तक गर्मी से राहत के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, 13 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद, 14 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज-चमक विकसित होने की संभावना जताई है। 15 जून को तापमान 39/25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 16 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी बादलों के बीच कहीं-कहीं गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

इसी तरह, 17 और 18 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोनों दिनों में मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है और फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम में आए बदलाव का सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है।


राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश, गर्मी से राहत

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में राजस्थान के अनेक इलाकों में बारिश हुई है और इससे अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आंधी बारिश की गतिविधियां अभी जारी रहेंगी।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसर इस समय पश्चिमी विक्षोभ एक परिसंचरण तंत्र के रूप में हरियाणा व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर की खाड़ी से आने वाली हवाओं के साथ नमी भी आ रही है। इसके असर से पिछले 24 घंटों में राज्य के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी के साथ बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश सीकर के दांतारामगढ़ में 50 मिलीमीटर रही।

वहीं आज शनिवार को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन होने, 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की पूरी संभावना है।

विभाग का अनुमान है कि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी चार-पांच दिन 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने व बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

तमिलनाडु में तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। पश्चिमी घाट और कावेरी डेल्टा जिलों में मौसम की सबसे ज्यादा हलचल होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के उत्तरी तटीय इलाकों में ऊपरी हवा में बने चक्रवाती दबाव का असर राज्य के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके असर से कई इलाकों में कम से कम एक और सप्ताह तक बारिश होने की उम्मीद है।

आईएमडी ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी घाट के जिलों, डेल्टा क्षेत्र और तमिलनाडु के उत्तरी अंदरूनी इलाकों में कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। नमी वाली हवाओं और मौसम की अनुकूल स्थितियों के कारण इन इलाकों में बड़े पैमाने पर बादल बनने और रुक-रुक कर बारिश होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शनिवार और रविवार को भी पश्चिमी घाट, डेल्टा जिलो दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।

 मौजूदा मौसमी सिस्टम से बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा हो जाएगा। पश्चिमी घाट के साथ लगते जिलों, जिनमें पहाड़ी और उससे सटे इलाके में तेज़ हवाओं के साथ-साथ कभी-कभी बारिश होने की संभावना है।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए