बंगाल बीजेपी अध्यक्ष बोले बुद्धिजीवी खाएं कुत्ते का मांस, विदेशी गाय माता नहीं आंटी

पश्चिम बंगाल के बर्धमान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि बुद्धिजीवी दूसरे जानवरों का भी मीट खाएं। आपको कौन रोक रहा है? लेकिन अपने घर पर खाएं। गाय हमारी माता है और हम गोहत्या को समाज विरोधी कृत्य के तौर पर देखते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष का एक बयान वायरल हो रहा है। घोष ने दावा किया है कि देसी नस्ल की गायें गोमाता हैं और उनमें सोने की मात्रा पाई जाती है। कई अंग्रेजी अखबारों ने घोष का वह बयान प्रकाशित किया है जो उहोंने बर्धमान जिले में घोष और गाभी कल्याण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दिया है। इस कार्यक्रम में दिलीप घोष ने कहा, “देसी नस्ल की गायों की एक खास खूबी होती है, इसके दूध में सोना मिला होता है, इसलिए इनके दूध का रंग हल्का पीला होता है। इनमें एक नाड़ी होती है जो धूप की मदद से सोना पैदा करने में मदद करती है। हमें इन गायों को रखना होगा। विदेश से जो हम गाय की नस्लें लाते हैं, वे गायें नहीं हैं। वे एक प्रकार की जानवर हैं। विदेशी नस्ल की आवाज भी गायों जैसी रंभाने की नहीं होती…इसलिए वे हमारी गोमाता नहीं बल्कि हमारी आंटियां हैं। यह देश के लिए सही नहीं होगा अगर हम इन आंटियों की पूजा करते हैं।“

दिलीप घोष ने यह भी कहा कि, “यह सही नहीं है कि हम अपने भगवानों की पूजा इन विदेशी नस्ल मसलन जर्सी गायों के दूध से करें। हमारे देश के भगवान भी विदेशी चीजों को स्वीकार नहीं करते। लेकिन जो अंग्रेजी में शिक्षित हैं, उन्हें हर विदेशी चीज पसंद है। उन्हें विदेशी पत्नियां चाहिए। उन्हें उजले रंग रूप वाली पत्नियां चाहिए, कई नेताओं ने शादी की है। सारी समस्याओं की जड़ यही है। न केवल विदेशी गायें, बल्कि लोग विदेशी पत्नियां भी ला रहे हैं। वे यहां आ रही हैं और हमारे नेताओं पर बुरा असर डाल रही हैं। उन्हें जेल जाना पड़ रहा है।“


अखबारों और न्यूज वेबसाइट में प्रकाशित उनके बयान के हवाले से लिखा गया है जिसमें उन्होंने कहा कि लोग कुत्ते का मांस खाएं। उन्होंने कहा, “शिक्षित समाज से ताल्लुक रखने वाले कुछ लोग सड़क किनारे बीफ खाते हैं। गाय क्यों? मैं उन लोगों से कहना चाहता हूं कि वे कुत्ते का मीट भी खाएं। यह स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। दूसरे जानवरों का भी मीट खाएं। आपको कौन रोक रहा है? लेकिन अपने घर पर खाएं। गाय हमारी माता है और हम गोहत्या को समाज विरोधी कृत्य के तौर पर देखते हैं। कुछ लोग हैं जो घरों पर विदेशी नस्ल के कुत्ते रखते हैं और उनका मल साफ करते हैं। यह महा अपराध है।“

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia