पश्चिम बंगाल: अब ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, गृह मंत्रालय पर टिप्पणी का मामला
यह शिकायत 2 जून को कोलकाता में विरोध सभा के दौरान ममता की टिप्पणियों से संबंधित है, जिसमें उन्होंने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या का जिक्र किया था और इसमें केंद्रीय गृह मंत्रालय और गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी करते हुए बयान दिए थे।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से टीएमसी और पूर्व सीएम ममता बनर्जी लगातार निशाने पर हैं। अब गृह मंत्रालय और अमित शाह को लेकर दिए बयान के मामले में ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक वकील की शिकायत के आधार एफआईआर दर्ज की गई है।
गुरुवार को पुलिस ने बताया कि यह शिकायत 2 जून को कोलकाता में रानी राशमोनी रोड पर एक विरोध सभा के दौरान ममता बनर्जी की टिप्पणियों से संबंधित है, जिसमें उन्होंने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या का जिक्र किया था और इसमें केंद्रीय गृह मंत्रालय और गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए बयान दिए थे।
वकील रिंकी सेन चटर्जी ने ममता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस्मान हादी की हत्या पिछले दिसंबर में बांग्लादेश में हुई थी। हादी के हत्यारे मेघालय की सीमा पार करके जनवरी में पश्चिम बंगाल आए थे और राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स ने उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।
रिंकी सेन ने कहा कि ममता बनर्जी ने 2 जून को एक सभा को संबोधित करते हुए इस मुद्दे को उठाया और संकेत दिया कि भले ही हत्या किसी दूसरे देश में हुई हो, लेकिन उन्हें पता है कि इसमें कौन शामिल था। उन्होंने गृह मंत्रालय पर आरोप लगाया था। सेन ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थीं, तो वह इस मामले को सीधे गृह मंत्रालय के साथ उठा सकती थीं। लेकिन अब वह दावा कर रही हैं कि बांग्लादेश में हुई एक हत्या, गृह मंत्रालय के आदेश पर की गई एक सुनियोजित हत्या थी।
सेन ने दावा किया कि इस तरह के आरोप लगाकर, वह भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव भड़का रही हैं और वैश्विक स्तर पर देश की छवि खराब कर रही हैं। उनकी टिप्पणियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है। सेन ने आगे कहा कि ममता बनर्जी ने सीएम पद पर रहते हुए देश की गोपनीयता बनाए रखने की शपथ ली थी, लेकिन पद छोड़ने के बाद उन्होंने कट्टरपंथी तत्वों को उकसाया।
बता दें कि ममता बनर्जी ने 2 जून को एक सभा के दौरान कहा था कि एसटीएफ ने बांग्लादेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिससे वहां एक बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। मैं दूसरे देशों की बात नहीं कर रही हूं, लेकिन मुद्दा यह है कि ऐसे लोग मेघालय के रास्ते बंगाल में प्रवेश करते हैं। यहां पहुंचने के बाद एसटीएफ उन्हें गिरफ्तार कर लेती है। खुद गृह मंत्री ने यह बात कही है। मैंने लंबे समय तक यह बात नहीं कही थी, लेकिन आज मैं यह बात कह रही हूं।
