बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी, कोलकाता समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के बीच कोलकाता समेत आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। उत्तर बंगाल में भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है।

फोटो: IANS
i

पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को अगले 24 घंटे के लिए कोलकाता समेत आठ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC), कोलकाता के अनुसार, कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, नादिया, पूर्वी बर्दवान और बीरभूम में भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और लगातार गरज के साथ बारिश होने की भी आशंका है।

कोलकाता में सुबह से बारिश, जलभराव का खतरा

कोलकाता और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। दिन में व्यापक रूप से गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल के कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा और 78.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।


शुक्रवार से कुछ राहत, सोमवार को फिर बिगड़ सकता है मौसम

मौसम विभाग ने गुरुवार को बीरभूम और मुर्शिदाबाद में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण बंगाल में शुक्रवार से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, हालांकि छिटपुट गरज के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से दक्षिणी जिलों में एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है।

उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश का दौर

उत्तर बंगाल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है और गुरुवार को भी दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूच बिहार में बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूच बिहार और उत्तर दिनाजपुर में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में आने वाले दिनों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार को भी दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की संभावना है। जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए