पश्चिम बंगाल: फाल्टा से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से हटने का किया ऐलान, 21 मई को मतदान
तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उसे पता चला है कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से उसके उम्मीदवार जहांगीर खान ने 21 मई को होने वाले पुन: चुनाव से हटने का फैसला किया है।

पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को फिर से मतदान होने से पहले एक नया मोड़ आ गया है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनावी मैदान से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि वो निजी कारणों की वजह से अपना नाम वापस ले रहे हैं। उनके इस फैसले ने हर किसी को चौंका दिया है।
जहांगीर खान ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है जिसमें खान को चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करते हुए कथित तौर पर दिखाया गया है। जिसमें जहांगीर खान यह कह रहे हैं, ‘हमारे माननीय मुख्यमंत्री फाल्टा के विकास के लिए एक विशेष पैकेज उपलब्ध करा रहे हैं, इसलिए फाल्ता के लोगों के हित में, मैं गुरुवार को होने वाले पुनर्निर्वाचन से अपना नाम वापस ले रहा हूं’।
बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली के आरोपों के बाद फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में फिर से चुनाव कराये जाने का आदेश दिया गया था।
पता चला है कि जहांगीर खान फाल्टा चुनाव नहीं लड़ेंगे: तृणमूल प्रवक्ता
उधर, तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उसे पता चला है कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से उसके उम्मीदवार जहांगीर खान ने 21 मई को होने वाले पुन: चुनाव से हटने का फैसला किया है।
पार्टी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को खान के फैसले की जानकारी मिल गई है, लेकिन इसके पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमें पता चला है कि जहांगीर खान ने फाल्टा में होने वाला पुन:चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।"
उन्होंने कहा, ‘‘हमें अभी तक उनके मैदान से हटने के कारण का पता नहीं चला है।’’
दरअसल एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर पर खान को चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करते हुए दिखाया गया है।
हालांकि, पीटीआई इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।
पीटीआई के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
