देश के कई हिस्सों में बारिश ने मचाई तबाही, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

आसमान से बारिश आफत बनकर बरस रही है और इसकी चपेट में पहाड़ और मैदान दोनों ही आ गए हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सीमांत इलाकों में बारिश का कहर जारी है। वहीं असम में भारी बारिश के बाद करीब 5 जिले बाढ़ की चपेट में हैं।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। उत्तर भारत में मानसून आने के बाद से ही कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। उत्तराखंड, असम, हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से तबाही हुई है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सीमांत इलाकों में बारिश का कहर जारी है। धारचूला के गलाती में 5 मकान और मुनस्यारी के जैंती में नाले के उफान में एक घराट बह गया। घराट से 5 किलोवाट बिजली का उत्पादन होता था। मुनस्यारी में कई परिवारों को स्कूलों और मंदिरों में शिफ्ट किया गया है। नजंग के पास बौलायर धार में फंसे आदि कैलाश के 4 और दो कैलाश यात्रियों समेत 50 लोग सुरक्षित धारचूला पहुंच गए हैं। मालपा में बाढ़ आने से कई लोग फंसे हुए हैं। राज्य की एसडीआरएफ यानी राहत बचाव की टीम नदी में फंसे लोगों को क्रेन के जरिए बाहर निकाल रही है।

देहरादून के मौसम वैज्ञानिक एमएम सकलानी का कहना है कि 7 जुलाई तक तो बारिश में कमी आएगी, लेकिन 8 जुलाई से फिर बारिश ज्यादा होने की संभावना है।

हिमाचल में भारी बारिश के चलते चंबा और कुल्लू जिला में भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू और चंबा में बारिश के पानी आने से रास्ता बंद हो गया है। इसके अलावा करीब एक दर्जन से अधिक रूट प्रभावित हुई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दस जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

असम के गुवाहाटी में बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। भारी बारिश के बाद करीब 5 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। कई गावों में पानी घुस चुका है। करीब 50 हजार की आबादी बाढ़ में घिरी हुई है। राज्य में बाढ़ से अबतक करीब 32 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मौसम विभाग ने असम और मेघालय के अलग अलग हिस्सों मे अगले 24 घंटे में बहुत तेज बारिश होने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदी नालों में बाढ़ में फंसे 104 लोगों को बुधवार को सुरक्षित बचा लिया गया। राजौरी और पुंछ जिलों को कश्मीर से जोड़ने वाले मुगल रोड पर मंगलवार देर रात से भूस्खलन में फंसे करीब 100 लोगों के अलावा ऊधमपुर जिले के गोरडी नाला में फंसी 2 महिलाओं और 2 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं त्राल में बादल फटने से एक घर को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है।

पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जलपाईगुड़ी जिले के एक गांव में पानी घुस गया है। गाड़ियों के पहिए करीब करीब पानी में डूबे गए हैं। बानरहाट में करीब 10 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं।

पंजाब के मुक्तसर इलाके में बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत गई। इसके अलावा मलोट में भगवानपुरा रोड पर घर की छत गिरने से एक लोग की मरने की खबर है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia