पप्पू यादव संग आधी रात को क्या हुआ, पुलिस ने क्यों किया अरेस्ट, क्या है 35 साल पुराना ये केस?

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बिना किसी वारंट के उनके घर आई और उन्हें धमकाकर उठा ले गई। सांसद का आरोप है कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि किस मामले में और क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनकी पटना स्थित मंदिर वाले आवास पर पहुंची थी, जहां गिरफ्तारी को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। पुलिस की कार्रवाई के दौरान पप्पू यादव और उनके समर्थकों के बीच जमकर कहासुनी हुई। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि धक्का-मुक्की तक की स्थिति बन गई। लंबे समय तक चले हंगामे के बाद पुलिस सांसद को अपने साथ लेकर चली गई।

35 साल पुराने मामले में गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव को 35 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस केस में उनकी जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद पटना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

बिना वारंट गिरफ्तारी का आरोप

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बिना किसी वारंट के उनके घर आई और उन्हें धमकाकर उठा ले गई। सांसद का आरोप है कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि किस मामले में और क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है।

सिविल ड्रेस में आए व्यक्ति पर सवाल

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने दावा किया कि दीपक नाम का एक व्यक्ति सिविल ड्रेस में उनके घर आया था, जिसका व्यवहार अपराधियों जैसा था। उन्होंने कहा कि न तो उन्हें सम्मान दिया गया और न ही गिरफ्तारी से जुड़े जरूरी दस्तावेज दिखाए गए।

जान का डर जताया

पप्पू यादव ने यह भी कहा कि उन्हें डर था कि कहीं पुलिस उन्हें गोली न मार दे। उनका कहना है कि पूरी कार्रवाई बेहद डराने वाले माहौल में की गई।

गौरतलब है कि पप्पू यादव के खिलाफ अदालत ने तीन दिन पहले ही कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था। तभी से उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही थीं।

किराए के मकान से जुड़ा पुराना विवाद

बताया जा रहा है कि 35 साल पहले पप्पू यादव जिस किराए के मकान में रहते थे, बाद में उसी को उन्होंने पार्टी कार्यालय बना लिया था। इसी विवाद को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जिसमें अब गिरफ्तारी हुई है।